ममता ने मांगे 1 लाख करोड़, पीएम ने दिया 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज, बढ़ा विवाद

ममता ने मांगे 1 लाख करोड़, पीएम ने दिया 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज, बढ़ा विवाद
ममता ने मांगे 1 लाख करोड़, पीएम ने दिया 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज, बढ़ा विवाद

 नई दिल्ली ।  पीएम मोदी ने शुक्रवार को अम्फान तूफान से प्रभावित ओडिशा और पश्चिम बंगाल का हवाई दौरा किया। इस आपदा से लड़ने मोदी ने ओडिशा को 500 करोड़ रुपए तथा प. बंगाल के लिए 1000 करोड़ रुपए की अग्रिम सहायता का ऐलान किया। इसके अलावा मोदी ने चक्रवात की वजह से मरने वालों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों के लिए 50 हजार रुपए की मदद का भी ऐलान किया। इधर मोदी के दौरे और राहत पैकेज पर राजनीति शुरू हो गई है। प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक हजार करोड़ के राहत पैकेज को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि नुकसान एक लाख करोड़ का हुआ और मिल रहे हैं सिर्फ एक हजार करोड़ रुपए। वहीं विपक्षी दलों ने मोदी सरकार से अम्फान को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है विदित है कि गंभीर चक्रवात अम्फान के कारण दोनों राज्यों में 80 लोगों की मौत हुई और फसलें बर्बाद हो  गई ।

चक्रवात आइला से अधिक विनाशकारी अम्फान: यूएन

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि पूर्वी भारत और दक्षिणी बांग्लादेश में बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाने वाला चक्रवात अम्फान 2009 में इस क्षेत्र में आए चक्रवात आइला से कहीं अधिक विनाशकारी माना जा रहा है। आइला से भारत और बांग्लादेश में 275 लोगों की मौत हुई थी ।

 कई राज्यों में वर्षा, तूफान बांग्लादेश की ओर मुड़ा 

बंगाल की खाड़ी से उठा सदी का सबसे ताकतवर तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल-ओडिशा में तबाही मचाकर बांग्लादेश की तरफ बढ़ गया है। इसके चलते असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में शुक्रवार तक भारी बारिश जारी रही।

 कोरोना के कारण ममता का शॉल नहीं स्वीकारा

 मोदी विशेष विमान से कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल के साथ ही ममता बनर्जी ने पीएम का स्वागत किया। मोदी ने ममता बनर्जी द्वारा आतिथ्य सत्कार के लिए लाए गए शॉल को सोशल डिस्टेंसिंग के चलते स्वीकार करने से मना कर दिया।