महिला की मदद के बहाने युवक ने किया दुष्कर्म

महिला की मदद के बहाने युवक ने किया दुष्कर्म

ग्वालियर। पति से दूर रह रही महिला की मदद के बहाने युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के पीर बाबा की दरगाह के पास ट्रांसपोर्ट नगर की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के मोतीझील निवासी 26 वर्षीय महिला ने शिकायत की है कि उसके घर के पड़ोस में कपिल कुशवाह की ससुराल है। पीड़िता का पति नशे का आदी है और उसकी मारपीट कर परेशान करता है। कई बार मारपीट करते समय कपिल उसे बचाने आया था और उससे संवेदना व्यक्त की थी।

इसके बाद उनके बीच बातचीत होने लगी और दोस्ती हो गई। दो दिन पहले कपिल उसके घर आया और उससे शादी का वादा कर उसे व उसके दोनों बेटों को अपने साथ ले गया और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक खाली मकान में रखा। बच्चों के सोने के बाद कपिल ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया और इस पर उसने शादी करने को कहा तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह वह भागकर अपनी ससुराल पहुंची और परिजनों को अपने साथ घटी घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 (2) (एन), 323, 506 व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी है।

पत्नी को गायब देख पति ने कराई थी गुमशुदगी दर्ज

इससे पहले पत्नी को गायब देखकर पति ने उसके गायब होने की शिकायत पुलिस से की थी। जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस महिला की तलाश कर रही थी कि तभी महिला वापस आ गई।