एकजुट होकर दिखाएंगे शक्ति, राजनीति से करेंगे सुरक्षा, बचाएंगे तीर्थस्थल : काला

एकजुट होकर दिखाएंगे शक्ति, राजनीति से करेंगे सुरक्षा, बचाएंगे तीर्थस्थल : काला

इंदौर। जो जैन समाज की उपेक्षा करेगा, हम उसका पुरजोर विरोध करेंगे। एकजुट होकर शक्ति दिखाएंगे। धर्म संप्रदाय तीर्थ की रक्षा के लिए हमें आगे आना आवश्यक है। राजनीति के माध्यम से समाज की आवाज को बुलंद किया जाएगा। देश में मुनियों की हत्या और तीर्थस्थलों पर जो कब्जा हो रहा है, हम इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। यह बहुत ही गलत हो रहा है। जब लोकसभा विधानसभा में हमारे समाज का प्रतिनिधित्व होगा तो जैन मुनियों पर हमला और तीर्थ स्थानों पर कब्जा होने की आवाज उठाएंगे।

इससे हमारी आवाज बुलंद होगी। जो पार्टी हमारे जैन समाज को आने वाले चुनाव में प्रतिनिधित्व देगी, हम उसका साथ देंगे। जैन समाजजन की सहभागिता हर आयोजन में होना बहुत जरूरी है। हमें सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में जागरूक होना अति आवश्यक है। ये बातें प्रदेश अध्यक्ष सुभाष काला ने जैन राजनीतिक चेतना मंच द्वारा रविवार को रवींद्र नाट्यगृह में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में कहीं।राजनीति चेतना मंच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के हजारों समाजजन ने सम्मिलित होकर समाज को जागृत और संगठित करने के लिए एकजुट होकर संकल्प लिया।

राजनीतिक चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गजराज गंगवाल ने कहा कि हमें सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में जागरूक होना बहुत जरूरी है। जैन समाज को ताकत दिखाना बहुत जरूरी है। ताकत दिखेगी तो समाज को महत्व मिलेगा। समाज के साथ-साथ राजनीति में भी हिस्सा होना बहुत जरूरी है। राजनीति में हमारे समाज को जो पार्टी प्रतिनिधित्व देगी, हम उसके समर्थन में कार्य करेंगे। सारे समाजजन एकजुट होकर उसके लिए मदद भी करेंगे। रवीन्द्र नाट्यगृह में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में जैन समाज की राजनीति में निरंतर घटती जा रही उपस्थिति सहित कई मुद्दों को लेकर देशभर से आए समाजजन ने चर्चा की और एक बड़ा निर्णय लिया कि जैन समाज का जो भी व्यक्ति या जो भी पार्टी उपेक्षा करेगी, हम उसका पुरजोर विरोध करेंगे। इस अवसर पर राजनीति में प्रतिनिधित्व देने का जोर दिया गया।

समाज का अस्तित्व खतरे में, हमको एकजुट होना बहुत जरूरी

रविवार को राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ और ध्वजारोहण मुख्य अतिथि जिओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष घेवरचंद जैन व राजेन्द्र महाजन ने किया। अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गजराज गंगवाल ने की। राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रकाशचंद बड़जात्या, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजस्थान के चंद्रराज सिंघवी, राजस्थान कांग्रेस कमेटी के सदस्य हुकुम जैन काका, राष्ट्रीय महामंत्री ललित जैन, संगठन मंत्री पूर्व विधायक सुकृति जैन सहित अन्य ने कहा कि जैन समाज का अस्तित्व खतरे में है। हमको एकजुट होना बहुत जरूरी है। जैन राजनीतिक चेतना मंच को जीवित रखना बहुत जरूरी है। जैन समाज की उपेक्षा होगी तो उस पार्टी का विरोध करेंगे। सम्मेलन में प्रस्ताव पास किया गया कि जो भी पार्टी जैन समाज के लोगों को उम्मीदवार बनाएगी, उसे जैन समाज एकजुट होकर तन-मन-धन से मदद करेगा। जो पार्टी उपेक्षा करेगी, उसका विरोध किया जाएगा।