सिंचाई के लिए 5 HP तक के पंप पर फ्री बिजली देंगे

सिंचाई के लिए 5 HP तक के पंप पर फ्री बिजली देंगे

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को ‘कृषक न्याय योजना’ की घोषणा की। नाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर कृषक न्याय योजना के तहत किसानों को सिंचाई के लिए पांच हॉर्स पावर तक के पंप पर नि:शुल्क बिजली प्रदान की जाएगी। हम खेती की इनपुट कॉस्ट कम करेंगे। इसके साथ ही किसान आंदोलन में जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं, वो वापस लिए जाएंगे। नाथ ने कहा कि दमनकारी कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन में जिन किसानों पर प्रकरण दर्ज हुए हैं, उनकी समीक्षा कर मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएम चौहान ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने का दावा झूठा किया था। सच्चाई यह है कि किसानों की आय आधी हो गई है। कमलनाथ ने कहा कि मप्र सरकार द्वारा लिए जा रहे कर्ज को कहां खर्च किया जा रहा है, हमारी सरकार बनने पर इसकी जांच की जाएगी।

कांग्रेस की पांच घोषणाएं

♦ 5 हॉर्स पॉवर तक बिजली बिल माफ।

♦ बिजली के बकाया बिल भी माफ होंगे।

♦ किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

♦ किसानों पर दर्ज केस वापस होंगे।

♦ 12 घंटे निर्बाध बिजली दी जाएगी।

भाजपा का पलटवार

गजब ये नहीं कि कमलनाथ झूठ बोलते हैं। गजब तो ये है कि वे बार-बार झूठ बोलते हैं। कमलनाथ की प्रदेश के किसानों के लिए कृषि न्याय योजना की घोषणा छलावा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई वादे किए थे, उनमें से एक भी वादा 15 महीने की सरकार के कार्यकाल में पूरा नहीं किया गया। तब वादे पूरे क्यों नहीं किए गए, कमलनाथ को इसका जवाब भी देना चाहिए। - वीडी शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष