अमृत काल में भारत जो भी करने की सोचेगा, सफल होगा : तोमर

अमृत काल में भारत जो भी करने की सोचेगा, सफल होगा : तोमर

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अमृत काल में भारत जो भी करने की सोचेगा, सफल होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विश्व गुरु के स्थान पर अधिष्ठित हो, आशा की किरण हमें दिखाई देती है। ऐसे में अभाविप जैसे संगठनों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है, जो इस यात्रा को पूर्णता प्रदान करने में एक सफल सहयात्री की जिम्मेदारी निभा सकते हैं। केंद्रीय मंत्री तोमर ने शनिवार को पूसा (दिल्ली) में अभाविप के आयाम एग्रीविजन का ‘स्वावलंबी कृषि- आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन-सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते 8-9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व के परिणामस्वरूप आने वाले कल के विकसित भारत का स्वप्न साकार होता दिखाई दे रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव से वर्ष 2047 तक, 25 साल का समय अमृत काल है, जिसमें सब लोग देश को विकसित भारत के रूप में देखेंगे।

हमारी अर्थव्यवस्था का आधार है कृषि क्षेत्र

तोमर ने कहा कि किसान हमारा पेट भरता है, तो उसे हम सम्पन्न, समृद्ध या अन्नदाता किसान क्यों नहीं कह सकते। किसानों को गरीब कहने की बजाय उनकी प्रतिष्ठा में चार चांद लगाना चाहिए। कृषि क्षेत्र हमारी अर्थव्यवस्था का आधार है, हमारे देश की रीढ़ है। हमारे जो किसान व वैज्ञानिक कृषि क्षेत्र में काम कर रहे हैं, वे अभिनंदन के पात्र हैं। उन्हें सदैव प्रोत्साहन मिलना चाहिए। इसी दिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि को प्राथमिकता पर लेकर इस क्षेत्र को कई नए आयामों से जोड़ने का प्रयत्न किया है, जिनकी सफलता आज हमें परिलक्षित हो रही है।