भाजपा की 6 सीटों पर गूंजे विरोध के सुर असंतुष्टों ने रैली निकाली, पुतला फूंका

परिवारवाद को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी, गुटबाजी की आशंका बढ़ी

भाजपा की 6 सीटों पर गूंजे विरोध के सुर असंतुष्टों ने रैली निकाली, पुतला फूंका

भोपाल। हारी हुई 39 सीटों पर चुनाव से करीब तीन महीने पहले टिकट का ऐलान कर भाजपा ने भले ही रणनीतिक बढ़त हासिल कर ली हो लेकिन करीब आधा दर्जन सीटों पर विरोध के सुर भी मुखर होने लगे हैं। लांजी, बंडा, पांढुर्ना सहित महाराजपुर के प्रत्याशियों ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पांढुर्ना में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री कमल पटेल के सामने ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर दी। छतरपुर और सुमावली, विस क्षेत्र में भी प्रत्याशियों के खिलाफ दूसरे गुट के कार्यकर्ताओं का विरोध भी सामने आ गया। शुक्रवार को महाराजपुर में भाजपा नेता अवनीन्द्र पटेरिया के समर्थकों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कामाख्या प्रताप सिंह का विरोध करते हुए उनका पुतला जला दिया। छतरपुर में पिछले चुनाव की पराजित प्रत्याशी और टिकट की दावेदार अर्चना गुड्डू सिंह की समर्थक महिलाओं ने पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी ललिता यादव के विरोध में तख्तियों के साथ रैली निकाली।

कार्यकर्ता बोले- पार्टी परिवारवाद का विरोध भी करती है और बढ़ावा भी दे रही

  •  छतरपुर: पूर्व राज्य मंत्री ललिता यादव के लिए टिकट का ऐलान होते ही अर्चना गुड्डू सिंह की समर्थक महिलाओं ने शहर में रैली निकालकर विरोध जताया। महिलाएं हाथों में अर्चना के नाम की तख्तियां लिए थीं। इनमें भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी थीं। 
  • महाराजपुर: भाजपा की पहली सूची में इस क्षेत्र से कामाख्या प्रताप सिंह की उम्मीदवारी का ऐलान होते ही पार्टी के ही दूसरे गुट का असंतोष फूट पड़ा। टिकट के दावेदार रहे अवनींद्र पटेरिया के समर्थकों ने कामाख्या का पुतला फूंक दिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी एक तरफ परिवारवाद का विरोध कर रही है दूसरी तरफ महाराजपुर में बढ़ावा दे रही है। 
  • लांजी: यहां प्रत्याशी के बतौर राजकुमार कर्राए के नाम का ऐलान होते ही दूसरे गुट के कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। पार्टी फोरम पर कर्राए की निष्ठा को संदिग्ध बताते हुए यहां तक कह दिया कि वह पार्टी छोड़कर जा चुके हैं, इसके बाद भी पार्टी ने टिकट से नवाज दिया। इस वजह से पुराने कार्यकर्ताओं में निराशा है। 
  • बंडा: इस सीट पर वीरेंद्र सिंह लंबरदार के टिकट मिला है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ये परिवारवाद के कारण हुआ है। इस क्षेत्र से कई दावेदार कतार में थे। पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव के बेटे सुधीर यादव का भी बंडा से टिकट का दावा था। 
  • पांढुर्ना: विधानसभा क्षेत्र से रिटायर्ड जज प्रकाश उइके को पैराशूट प्रत्याशी बताते हुए विरोध तेज हो गया। कृषि मंत्री कमल पटेल के कार्यक्रम में टिकट का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर दी। छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री पटेल यहां कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश भी की। 
  • सुमावली: भाजपा की सूची जारी होने के बाद यहां पर भी कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है।