आज से बीसीसी में शुरू होगा दो दिवसीय स्मार्ट सिटी कानक्लेव

आज से बीसीसी में शुरू होगा दो दिवसीय स्मार्ट सिटी कानक्लेव

इंदौर। आज 26 सितम्बर से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिन स्मार्ट सिटी कानक्लेव शुरू होगा। इसमें पहले दिन स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। दूसरे दिन 27 सितम्बर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म देशभर की स्मार्ट सिटी के 30 अधिकारियों को पुरस्कार से नवाजेगी। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां शुरू कर दी है। उनके कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने मिनट टू मिनट समय तय हो गया है। सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां की माकड्रिल की गई। कार्यक्रम में 100 शहरों के 2000 के आसपास डेलीगेट्स शामिल होंगे। इसमें निगमायुक्त, महापौर भी रहेंगे। जो अपने-अपने शहरों, राज्यों में किए गए कार्यों का बिंदुवार प्रजेटेंशन देंगे। इंदौर स्मार्ट सिटी भी वर्ष 2015 से अब तक किए गए कार्यों का प्रदर्शन करेगी।

इनको मिलेगा पुरस्कार

अहमदाबाद के कमिश्नर एम. थानेशरण, चंडीगढ़ के सीईओ नरेन्द्रपाल शर्मा, कोयम्बूर के जीएम के. श्रवणकुमार, हुबली के स्टेट मिशन डायरेक्टर रुद्रेश घाली, इंदौर के सीईओ दिव्यांकसिंह, जबलपुर के सीईओ संभव अचारी, सूरत के सीईओ एचजे प्रजापति, भुवनेश्वर के मेयर सूलोचना दास, रांची से सीईओ विनय चौबे, उदयपुर के सीईओ अर्पण गुप्ता, वाराणसी से सीईओ सीपू गिरी, बेलागवी के स्टेट मिशन डायरेक्टर दीपा चोलन, सोलापुर के सीईओ शीतल, आगरा के मेयर हेमलता दिवाकर, ग्वालियर के सीईओ अक्षय कुमार आदि को पुरस्कार दिया जाएगा।

आज तय होगा मीनू

स्मार्ट सिटी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि दोनों दिन का मीनू अलग-अलग रहेगा। आज कलेक्टर इलैया राजा मीनू तय करेंगे। इसमें मालवी, गुजराती, दक्षिण भारतीय, पंजाबी भोजन को शामिल किया जाएगा। 26 और 27 सितम्बर को नाश्ता अलग परोसा जाएगा। कलेक्टर द्वारा तय मीनू को अंतिम रुप नगरीय प्रशासन विभाग देगा।

महाकाल के कराएंगे दर्शन

एक साल पहले उज्जैन में लोकार्पित महाकाल लोक की सुंदरता देखने देशभर से हजारों लोग पहुंच रहे हैं। कानक्लेव में आने वाले डेलीगेट्स से शटल बस से महाकाल लोक के दर्शन कराएंगे। इसके लिए उज्जैन प्राधिकरण को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

27 को यह रहेगा मिनट टू मिनट कार्यक्रम

  • राष्ट्रपति सुबह 10. 45 बजे एयरपोर्ट आएंगी। यहां से 11 से 11.15 बजे तक वे एक्जीविशन का निरीक्षण करेंगी।
  • 11.15 से 11.20 बजे तक फोटो सेरेमनी और अवार्ड लेने वालों के नामों की घोषणा होगी।
  • 11.20 से 11.25 बजे तक अवार्ड लेने वाले हॉल में बैठेंगे।
  • 11.25 से 11.26 बजे तक डेलीगेट्स और राष्ट्रपति मंच पर पहुंचेंगे।
  • 11.26 से 11.28 बजे तक डेलीगेट्स का स्वागत होगा।
  • 11.28 से 11.30 बजे तक राष्ट्रगान होगा।
  • 11.30 से 11.35 बजे तक सेक्रेटरी पहुंचेंगे।
  • 11.35 से 11.40 बजे तक वीडियो से कार्यों का प्रसारण।
  • 11.40 से 11.44 बजे तक डाक्यूमेंट्स का प्रसारण।
  • 11.44 से 11.52 बजे तक मुख्यमंत्री का भाषण होगा।
  • 11.52 से 12 बजे तक मंत्री हरदीपसिंह का भाषण।
  • 12 से 12.35 बजे तक पुरस्कार वितरण होगा।
  • 12.35 से 12.50 बजे तक राष्ट्रपति का भाषण।
  • 12.55 बजे राष्ट्रपति एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी।