ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दिया था दोहरे हत्याकांड को अंजाम

ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दिया था दोहरे हत्याकांड को अंजाम

इंदौर। ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर दंपति ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। एरोड्रम पुलिस ने बारीकी से जांच के बाद मात्र छह घंटे में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। एरोड्रम थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि 9 दिसंबर को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित मकान नंबर 41-ए में रवि पिता पूनम ठाकुर निवास नंदानगर और उसकी महिला मित्र सरिता पति ऋषि ठाकुर की अर्द्धनग्न अवस्था में खूनसनी लाश पड़ी है। सरिता यहां अपने पति और दो बच्चों के साथ किराए के कमरे में रहती थी।

रवि की सरवटे बस स्टैंड पर तीन होटलें हैं, जबकि महिला ब्यूटी पॉर्लर की संचालिका थी। दोनों का 4-5 सालों से अफेयर चल रहा था। लाश दो दिन पुरानी होने से वहां बदबू आ रही थी। दोनों मृतकों के शरीर पर चाकू और तलवार के घाव थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने अवैध संबंधों को लेकर हत्या होने की आशंका मानते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का सूक्ष्मता से मुआयना किया।

कई महिलाओं से थे संबंध

आरोपियों ने बताया कि रवि ठाकुर के चार बच्चे भी हैं। इसके बाद भी वह अन्य महिलाओं के साथ भी अवैध संबंध रखता था। पुलिस को तीन महिलाओं के साथ अवैध संबंधों की बात पता चली थी। तीनों आपस में जुड़े होने से एकदूसरे के घर आते-जाते थे। रवि पैसों का प्रभाव दिखाकर इन महिलाओं के साथ अवैध संबंध बनाता और अश्लील वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल भी करता था।

होटल मालिक को बुलाया

दोनों सरिता के घर पहुंचे और वहां रवि को भी बुलवा लिया। हत्या करने के लिए आरोपी दंपति अपने साथ चाकू लाए थे। उन्होंने रवि के पहुंचने से पहले सरिता की उसके घर के पूजा के मंदिर में रखी तलवार से हत्या कर दी। रवि पहुंचा तो ममता ने उसे संबंध बनाने का कहकर कपड़े उतरवाए और आंख पर पट्टी बांध दी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी दंपति ने उसकी भी हत्या कर दी। हत्या के बाद रवि-सरिता के मोबाइल जिसमें ममता का अश्लील वीडियो था, लेकर चले गए। घर जाकर खून से सने कपड़े जला दिए। जले कपड़ों का अवशेष प्लास्टिक की बोरी में भरकर कचरा प्लांट के पास फेंक दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

सवा सौ कैमरे और लोगों के बयान काम आए

आरोपियों को पकड़ने पुलिस ने आसपास रहने वाले 50 लोगों से अलग-अलग बात की, वहीं सवा सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। टीम ने शंका के आधार पर हत्याकांड को अंजाम देने वाले दंपति को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना कबूला।

आरोपी महिला भी हुई थी शिकार

आरोपी ममता उर्फ पिंकी के भी रवि से संबंध थे। इसकी जानकारी लगने पर आरोपी और उसके पति में आए दिन विवाद होते थे। कई बार रवि आरोपी महिला को ब्लैकमेल करता था। इससे परेशान होकर उसने पति के साथ मिलकर हत्या का षड्यंत्र रचा। हत्या के दिन दोनों (ममता व नितिन) बाइक से दोपहर 12 बजे मृतिका सरिता ठाकुर के घर पहुंचे। पहले ममता घर में अंदर गई, उसके बाद नितिन पहुंचा। चूंकि मृतका सरिता, रवि ठाकुर का अन्य महिलाओं से अवैध संबंध बनाने में सहयोग करती थी। बाद में उन्हें रवि से ब्लैकमेल कराती थी।