राम मंदिर को उड़ाने की साजिश करने वाले अरेस्ट

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, 3 लाख का इनामी समेत 3 आतंकी गिरफ्तार

राम मंदिर को उड़ाने की साजिश करने वाले अरेस्ट

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने फरार चल रहे आईएसआईएस के मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक शाहनवाज उर्फ शैफी उज्जमा को गिरफ्तार किया है। वह पुणे पुलिस की हिरासत से भाग गया था और दिल्ली में रह रहा था। उस पर 3 लाख रुपए का इनाम था। साथ ही पुलिस ने मोहम्मद अरशद वारसी और रिजवान को भी अरेस्ट किया है। पूछताछ में आतंकियों ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर, मुंबई का चाबड़ हाउस, देश के कुछ बड़े नेता उनके टारगेट पर थे। इसके लिए उन्होंने मुंबई, सूरत, वडोदरा, गांधीनगर और अहमदाबाद में बड़े नेताओं के रूट की रेकी की थी, ताकि आईईडी से ब्लास्ट करके उनकी हत्या की जा सके। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया और सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मिली है।

बड़ी वारदात की फिराक में थे आतंकी:

वह गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड फरतुल्लाह गौरी के संपर्क में थे। तीनों इन्हीं के आदेश पर दिल्ली में भी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे।

पेशे से इंजीनियर है शाहनवाज

पुलिस ने कहा कि शाहनवाज पेशे से इंजीनियर है। वह झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है। उसने बीटेक की पढ़ाई की है। उसे माइनिंग की पूरी जानकारी है। उसने हिन्दू महिला से शादी की थी। वहीं, अरशद वारसी ने भी बीटेक और फिर पीएचडी की है, जबकि मोहम्मद रिजवान मौलाना है और उसने भी कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है।

सामान और बाइक चुराते थे आरोपी :

ये लोगों का सामान और बाइक चुराकर उससे पैसा कमाते थे और फिर इन पैसों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए करते थे।

बम बनाने का सामान बरामद:

पुलिस ने बताया कि इनके पास से बम बनाने की ट्यूब, केमिकल्स और प्लास्टिक भी बरामद हुई है। इसके अलावा इनके पास से पिस्तौल और कारतूस भी मिले हैं। इतना ही नहीं, उनके पास से बम बनाने का लिटरेचर भी बरामद हुआ है। इसमें कैसे केमिकल को प्रोक्योर करना है, कैसे बम बनाना है, जैसी जानकारी दी गई है।