चंद्रयान-3 लैंडर जहां उतरा, उसका नाम होगा शिव-शक्ति पॉइंट : मोदी

‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान’ नारे में जय अनुसंधान जोड़ा

चंद्रयान-3 लैंडर जहां उतरा, उसका नाम होगा शिव-शक्ति पॉइंट : मोदी

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की है कि चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम शिव-शक्ति पॉइंट होगा, जो कल्याण एवं ताकत का मेल है। मोदी चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद इसरो के वैज्ञानिकों से मिलने के लिए एथेंस से शनिवार को सीधे बेंगलुरू पहुंचे और उन्होंने यह घोषणा की। इससे पहले एचएएल एयरपोर्ट के बाहर एकत्र लोगों को जय जवान, जय किसान नारे में जय विज्ञान, ‘जय अनुसंधान’ जोड़ते हुए संबोधित किया। चंद्रमा का शिवशक्ति पॉइंट हिमालय के कन्याकुमारी से जुड़े होने का बोध कराता है।

चंद्रयान- 2 की साइट तिरंगा पॉइंट कहलाएगी :

मोदी यहां स्थित आईएसटीआरएसी में वैज्ञानिकों से कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पद चिह्न छोड़े थे, उसे तिरंगा पॉइंट के नाम से जाना जाएगा।

आपके समर्पण, परिश्रम को सलाम करने उत्सुक था

इसरो के वैज्ञानिकों के दल को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, मैं आपसे मिलने और आपके परिश्रम, समर्पण, साहस, लगन और जज्बे को सलाम करने के लिए अधीर और उत्सुक था। भारत चंद्रमा पर है। हमारे राष्ट्र का गौरव चंद्रमा पर पहुंच गया है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए महिला वैज्ञानिकों की भूमिका की सराहना करते हुए मोदी कहा, देश की नारीशक्ति ने बड़ी भूमिका निभाई है।

चंद्रमा पर ‘जवाहर पॉइंट’, क्या है इसका संबंध

पीएम द्वारा शिव-शक्ति नाम दिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर ‘जवाहर पॉइंट’ ट्रेंड करने लगा है। दरअसल, सतीश धवन स्पेस सेंटर से 22 अक्टूबर 2008 को पहला चंद्र मिशन चंद्रयान-1 लॉन्च किया गया था। 14 नवंबर 2008 को जिस जगह चंद्रयान- 1 का मून इम्पैक्ट प्रोब लैंड हुआ था, उसका नाम पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि के तौर पर ‘जवाहर पॉइंट’ रखा गया था।

23 अगस्त को होगा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस :

पीएम ने कहा कि भारत चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने की याद में 23 अगस्त की तारीख राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाएगा। मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हर वर्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष की भावना का जश्न मनाएगा और हमें हमेशा के लिए प्रेरित करता रहेगा। मोदी ने कहा कि विक्रम लैंडर की सॉμट लैंडिंग कोई साधारण उपलब्धि नहीं है और यह अनंत ब्रह्मांड में भारत की वैज्ञानिक उपलब्धि का शंखनाद है।

पाकिस्तान ने महान वैज्ञानिक उपलब्धि बताया :

इस्लामाबाद। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों ने अमीर देशों की तुलना में कम बजट में इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए भारत की तारीफ की।

       हमारे देश के वैज्ञानिकों ने हमें यादगार क्षण दिया है। उन सभी पर हमें गर्व है। - वर्षा सिंह, एआई ट्रेनर