विद्यार्थियों पर ज्ञान की छांव बनाए रखता है पेड़ रूपी शिक्षक

विद्यार्थियों पर ज्ञान की छांव बनाए रखता है पेड़ रूपी शिक्षक

जबलपुर। शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने गुरुजनों का पूजन का आशीर्वाद लिया। स्कूलों में सुबह से शुरू हुआ गुरु वंदन का क्रम दिन भर जारी रहा। वहीं गुरुजनों ने छात्रों के लिए आशीर्वचन में उनके उज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षक दिवस पर मप्र विद्युत महिला मंडल द्वारा संचालित बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर मप्र विद्युत महिला मंडल की अध्यक्ष डॉ. अंजना तिवारी ने शाला प्राचार्या शशिकिरण श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा शिक्षक के बिना हम शिक्षा को प्राप्त नहीं कर सकते। हम अपने जीवन में कितने ही बड़े और कामयाब इंसान क्यूं न बन जाएं, लेकिन हमें अपने शिक्षक को कभी नहीं भूलना चाहिए। शिक्षक एक पेड़ की तरह होता है, जो अपने सभी विद्यार्थियों पर ज्ञान की छांव हमेशा बनाए रखता है। इस मौके पर शाला प्रबंध समिति पदाधिकारी रश्मि श्रीवास्तव, सुजाता सिंह, प्रतिभा पाणी, नीता दीक्षित, कविता निगम, प्रतिभा पटेल उपस्थित रहीं।

भारतीय जैन संघटना ने किया सम्मानित

राष्ट्रपति पदक से अलंकृत शिक्षाविद वरिष्ठ साहित्यकार, समाजसेवी डॉ. संध्या जैन श्रुति को राष्ट्रीय संस्था भारतीय जैन संघटना ने सम्मानित किया है। आप अनेकांत साहित्यिक संस्था की अध्यक्ष व मां नर्मदा एवं आचार्य विद्यासागर महाराज पर महाकाव्य की रचयिता है। आपके मदन महल नाटक को मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का 'हरिकृष्ण प्रेमी' सम्मान प्रदान किया गया है।

विकलांग सेवा भारती में आयोजन

विकलांग सेवा भारती स्नेह नगर में शिक्षक दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर मिताली बैनर्जी ने कहा शिक्षक देश का भविष्य हैं जो छात्र का भविष्य संवारते हैं। हमें अपने छात्र के प्रति समर्पित होना चाहिए उसके समतुल्य आचार व्यवहार लाना होगा जिससे वह हमारी बात आसानी से समझ सके। कार्यक्रम में शिखा चौधरी, प्राचार्य नीतू चौधरी, पुष्पा ठाकुर,आलोक साहू उपस्थित रहे। अंत में दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

आर्मी स्कूल में आयोजन

जनरल ऑफिसर कमांडिंग, एमबी एरिया, लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास की ओर से अधिकृत अधिकारियों द्वारा इन शिक्षकों को प्रशंसा प्रमाण पत्र के साथ 5 हजार रुपए दिए गए। आर्मी पब्लिक स्कूलों के विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता में उनके समर्पण और ज्ञान के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। आभार व्यक्त करते हुए उनके सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे नृत्य, कविता पाठ, नाटक मंचन इत्यादि का प्रदर्शन किया।

वेब मेमोरियल नर्सरी

वेब मेमोरियल नर्सरी स्कूल सिविल लाइन पचपेड़ी में मिता भट्टाचार्य ने बताया अच्छा शिक्षक वही है जो बच्चों को सही दिशा एवं राह बताएं। जिससे वे प्रगति व उन्नति कर सके और देश के प्रति अपना सेवाभाव कर सकें। इस अवसर पर प्राचार्य रूपा बैनर्जी, रुमा बैनर्जी, दीपिका दुबे सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

गौरीघाट में शिक्षक सम्मान समारोह

श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ द्वारा परशुराम धाम गौरीघाट में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने वाले तीन विशिष्ट शिक्षक पंकजा शुक्ला, राम रंजन तिवारी, आर्य भारती दीक्षित का श्रीफल, सम्मान पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। आचार्य पं. संतोष शास्त्री ने कहा कि दिव्यांग अंधे तथा मूक बाधिर, बच्चों को पढ़ाना एक अत्यंत चुनौती पूर्ण कार्य है। केके शुक्ला ने कहा शिक्षक के बिना शिक्षित और सभ्य समाज की कल्पना ही संभव नहीं है। आयोजन में यदुवंश मिश्रा, संजय शुक्ला, उत्तम पांडेय, विकास शुक्ला, सुनीता तिवारी, संध्या मिश्रा, रागिनी तिवारी,अनीता शुक्ला उपस्थित रहे।