लोकसभा चुनाव में चार सौ पार का लक्ष्य, मप्र की सभी सीटें जीतेंगे: सीएम डॉ. यादव

लोकसभा चुनाव में चार सौ पार का लक्ष्य, मप्र की सभी सीटें जीतेंगे: सीएम डॉ. यादव

जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को जबलपुर दौरे पर थे। यहां उन्होंने अफसरों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। सीएम यादव जन आभार यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने गैरीसन ग्राउंड में आयोजित आभार सभा में कहा कि आगामी लोक सभा चुनाव में भी देश प्रचंड बहुमत से सरकार बनानी है। अबकी बार चार सौ पार का लक्ष्य है। सीएम ने कहा कि मप्र की सभी सीटों पर भाजपा को जिताकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करना है। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में 409.53 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया।

अयोध्या और हरिद्वार की तर्ज पर विकसित होंगे नर्मदा घाट: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभा में कहा कि नर्मदा के 17 घाटों के विकास कार्य भी होंगे। यह घाट अयोध्या और हरिद्वार की तर्ज पर बनेंगे। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी पूर्व से पश्चिम की तरफ बहती हैं। मध्यप्रदेश के नागरिक श्रद्धापूर्वक माँ नर्मदा की आरती करते हैं। घाटों के विकास के संबंध में विभिन्न सुझावों पर भी अमल किया जाएगा।

जहां-जहां राम के चरण पड़े, तीर्थ बनाएंगे

डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट में जहां भगवान ने वनवास का काफी समय बिताया था, हम उस जगह को तीर्थ बना देंगे। उन्होंने कहा कि जहांजहां भगवान राम के चरण पड़े हैं, वे स्थान तीर्थ बनेंगे।

प्रदेश में घर-घर होगी दीपावली, मंदिर सजाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अयोध्या जाने वाले तीर्थ यात्रियों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। हर गांव-शहर में मंदिरों की सज्जा होगी और दीपावली मनाई जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों को मॉनिटरिंग का जिम्मा

इसके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समीक्षा बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकास और कानून व्यवस्था में जबलपुर संभाग मिसाल बने। संभाग स्तर पर जनता के कल्याण और योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने राज्य स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों को मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कसावट के साथ लोगों को सरलता से सेवाएं प्राप्त होंगी और इससे विभिन्न कठिनाइयां दूर होंगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने मुख्यालय के साथ ही फील्ड में भी पर्याप्त समय दें, आवश्यकतानुसार रात्रि विश्राम कर जनता की समस्याएं समझते हुए निराकरण की प्रभावी कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि ऐसा कार्य हो, जिससे विकास और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में मिसाल बने।