बागियों को साधा तन्खा ने, अब राहुल मजबूत करेंगे प्रत्याशियों की स्थिति

बागियों को साधा तन्खा ने, अब राहुल मजबूत करेंगे प्रत्याशियों की स्थिति

जबलपुर। कांग्रेस की आठों विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह से राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने असंतुष्टों को साधा है,उससे अधिकृत प्रत्याशियों ने चैन की सांस ली है। श्री तन्खा ने बागियों को अपने स्तर पर साधने में सफलता प्राप्त की है। हालाकि कई असंतुष्टों को प्रदेश कांग्रेस में अच्छे पदों से भी नवाजा गया है। वहीं अब चुनावी वैतरणी पार कराने में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शहर आ रहे हैं। वे 9 नवंबर को दोपहर में आएंगे और पूर्व क्षेत्र में जनसभा करेंगे। इसके उपरांत वे त्रिपुरी चौक से रानीताल तक लंबी पदयात्रा भी करेंगे और रात्रि विश्राम भी शहर में ही करेंगे।

श्री तन्खा ने ऐसी सीटें जहां बागियों ने ताल ठोकी थी में खुद उनके पास पहुंचकर समझाईश दी। इतना ही नहीं ज्यादातर बागियों को दो दिन के अंदर प्रदेश नेतृत्व से संगठन में पद मिलने की सूचना भी मिल गई। इनमें से पनागर व सिहोरा से कौशल्या गोंटिया, पनागर से विनोद श्रीवास्तव, पूर्व क्षेत्र से राजेश सोनकर आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त श्री तन्खा का फोकस आदिवासी बहुल सीटों के लिए डिंडौरी,मंडला पर भी पूरा है। ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से कांग्रेस को अच्छी बढ़त मिली थी।

पिछला परफार्मेंस दोहराएंगे राहुल

कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि 2018 के चुनाव में राहुल गांधी ने शहर व आसपास चुनावी सभा कर कांग्रेस को चुनाव में अच्छी बढ़त दिलाई थी और इस बार भी वे इसमें इजाफा करने की कोशिश करेंगे। बहरहाल राहुल के प्रवास को लेकर कांग्रेस जनों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

ऐसा हो सकता है राहुल का संभावित कार्यक्रम

यदि चुनाव पूर्व के पूर्वानुमानों पर भरोसा किया जाए तो कांग्रेस की स्थिति अच्छी बताई जा रही है। राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व से लेकर स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के प्रत्याशी भी उत्साहित हैं। उन्हें संबल देने राहुल गांधी का 9 नवंबर को शहर आगमन हो रहा है। वे दोपहर 2 बजे शहर आएंगे और 2.15 बजे पूर्व क्षेत्र में सुब्बा शाह मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत वे 3.15 बजे से पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के त्रिपुरी चौक से पदयात्रा प्रारंभ करेंगे जो कि पंडा मढ़िया,गढ़ा बाजार,आनंद कुंज तिराहा,गौतम मढ़िया, कछपुरा ब्रिज,यादव कॉलोनी चौक होते हुए उत्तर-मध्य क्षेत्र के रानीताल तक जाएंगे। श्री गांधी रात्रि विश्राम शहर में करेंगे और इस दौरान वे कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक भी ले सकते हैं।