स्वामी विवेकानंद ने हमारी संस्कृति का परचम पूरे विश्व में लहराया: सांसद

स्वामी विवेकानंद ने हमारी संस्कृति का परचम पूरे विश्व में लहराया: सांसद

ग्वालियर। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हर साल युवा दिवस मनाया जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी जिले की शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों तथा आश्रम शालाओं आदि में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर सांसद विवेक शेजवलकर के मुख्य आतिथ्य में सरदार वल्लभ भाई पटेल सीएम राइज स्कूल हजीरा में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सांसद विवेक शेजवलकर, संभाग आयुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसएसपी राजेश चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।

इस अवसर पर आकाशवाणी से प्रसारित मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन स्कूली बच्चों के सुनाया गया। इस अवसर पर शेजवलकर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने हमारी संस्कृति का परचम पूरी दुनिया में लहराया। विवेकानंद महान दार्शनिक एवं समाज सुधारक थे। सन् 1893 में शिकागो में उनके उद्बोधन को सुनकर पूरी दुनिया स्तब्ध रह गई थी। विवेकानंद जी ने पूरे विश्व को बताया कि सहिष्णुता भारतीय संस्कृति की विशिष्टिता है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी आध्यात्मिक विकास के साथसाथ शारीरिक मजबूती पर विशेष ध्यान देते थे। उन्होंने कहा यह सर्व सत्य है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। इसलिए सभी सूर्य नमस्कार व प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में पार्षद मीरा मानसिंह राजपूत, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण दीपक पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार, डीपीसी रविन्द्र तोमर एवं विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य आचार्यगण एवं स्कूली बच्चों ने युवा दिवस पर सीएम राइज स्कूल हजीरा में सूर्य नमस्कार व प्राणायाम में भाग लिया। जिले के अन्य स्कूलों के बच्चों और युवाओं ने नई ऊर्जा और उत्साह के साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रांगण में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।

भाजयुमो ने मनाई विवेकानंद की जयंती

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद की जयंती पर नव मतदाताओं के बीच वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन मानस भवन फूलबाग में किया। कार्यक्रम में मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई आयाम छुए जा रहे हैं। मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रतीक तिवारी विवेकानंद को युवा शक्ति का आईकॉन बताया।

यूथ हॉस्टल्स ने मनाई विवेकानंद की जयंती

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की टीम ने अपने सदस्यों, पदाधिकारियों और संरक्षक पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल के साथ थाटीपुर चौराहा पर विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह समय स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का समय है। यूथ हॉस्टल्स के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संस्था सचिव रामनारायण मिश्रा एवं चेयरमैन शैलेन्द्र माहौर ने याद किया।

स्वदेशी जागरण मंच ने निकाली बाइक रैली

स्वदेशी जागरण मंच ने राष्ट्रीय युवा दिवस एवं श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में एक बाइक रैली निकाली। यह रैली फूलबाग चौराहे से इंदरगंज, दौलतगंज, महाराज बाडा,सराफा बाजार, नई सड़क से होते हुए माधव महाविद्यालय पहुंची जहां उनका पुष्प वर्षा कर युवाओं ने स्वागत किया। माधव महाविद्यालय के सभागार में प्रेरणादायक कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि प्रांत सह संयोजक स्वदेशी जागरण मंच राकेश शर्मा,कार्यक्रम अध्यक्ष सह कार्यवाह आर एस एस नवनीत शर्मा,मुख्य वक्ता प्राचार्य माधव महाविद्यालय श्रीमती नीति पांडे एवं विशिष्ट अतिथि विभाग संयोजक स्वदेशी जागरण मंच सत्येंद्र दुबे उपस्थित थे।