अंधविश्वास या शरारत : घरों की छत पर पत्थरों की बारिश

अंधविश्वास या शरारत : घरों की छत पर पत्थरों की बारिश

जबलपुर। गौरीघाट के आबादी वाले क्षेत्र से लगे हुए ग्राम छेवला में इन दिनों ग्रामीणों के घरों पर पत्थर बरसने की घटना घटित हो रही है इससे ग्रामीणजनों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना की पड़ताल के लिए जब पीपुल्स की टीम रात करीब 10 बजे ग्राम छेवला पहुंची। यहां पर रहवासियों से इस घटना का जिक्र किया गया तो लोगों ने पहले दिन से अब तक हुए घटनाक्रम की जानकारी देना शुरू कर दी। टीम बस्ती के लोग से चर्चा ही कर रही थी इसी बीच दो ग्रामीणों के घर पर पत्थर गिरना शुरू हो गए। बोल्डरनुमा इन पत्थरों से बचने के लिए बस्ती के लोग और टीम एक शेड के नीचे जमा हो गए। कुछ देर तक तो यह क्रम रुका लेकिन फिर कुछ घरों के ऊपर पत्थर गिरने की आवाज आना शुरू हो गई। घटना से बस्ती में अब तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

24 घंटे कर रहे हैं निगरानी

हालात ये है कि इस घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए करीब 10 युवकों की टोली 24 घंटे निगरानी कर रही है लेकिन यह टोली अब तक नहीं समझ पा रही है कि कि यह पत्थर कहां से आ रहे हैं। टीन और छत पर पत्थर गिरने की घटना को पहले ग्रामीणों ने तत्वों की शरारत समझा, लेकिन आसपास ऐसा कोई भी संदिग्ध नजर नहीं आया तो पूरे गांव में अजीब सी दहशत देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव के पीछे सेना का क्षेत्र लगता है और आसपास कोई पहाड़ी क्षेत्र भी नहीं है ऐसे में पत्थर गिरना समझ से बाहर है।

रात 10 बजे से शुरू होता है क्रम

ग्राम के निवासी दिलीप ठाकुर ने बताया कि रात 10 बजे से यह क्रम शुरू हो जाता है। बुधवार की रात 10 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक रुक-रुक पत्थर उनकी छत के साथ पड़ोसियों की छत पर गिरते रहे। कुछ लोगों के घरों के ऊपर बिछी सीमेंट की शीट और कुछ के घर के खपरैल तक टूट गए हैं। हालांकि अभी तक इन पत्थरों से कोई भी घायल नहीं हुआ है, जिसे लेकर थोड़ी राहत ग्रामीणों में है। विमला बाई ने बताया कि रात में 8 बजे से मेरे घर की छत पर गिट्टी जितने बड़े पत्थर गिरने की आवाज आना शुरू हुई इससे मेरे घर की छत में बिछी सीमेंट की शीट टूट गई है। कौशल्या बाई ने बताया कि ग्राम में चार दिन से यह घटना दिन-रात कभी भी घट रही है। मेरे यहां और पड़ोस में सुबह करीब 5 बजे पत्थरों के गिरने की आवाज आई। इस घटना से हम लोग खासे परेशान है अब पुलिस में शिकायत करेंगे।