अंबानी के मॉल में लगेंगी ग्वालियर में बनीं मूर्तियां

अंबानी के मॉल में लगेंगी ग्वालियर में बनीं मूर्तियां

ग्वालियर। रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने देशभर में कई स्थानों पर बनने वाले अपने मॉल में गौतम बुद्ध, मृगनयनी तथा खजुराहो की शेर के चिह्न की प्रतिमाओं के निर्माण का ऑर्डर मप्र के मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को दिया है। गौतम बुद्ध की प्रतिमा लेटी हुई और खड़ी हुई बनाई जानी हैं। मृगनयनी की भी मूर्ति बनाई जाएगी जिसमें वह अपना रूप शीशे में निहारती दिखेंगी। प्रतिमाएं 6.3 फीट लंबाई की बननी हैं। विश्वकर्मा ने बताया कि साउथ इंडिया में अंबानी के मॉल बन रहे हैं। उनका मकसद देश के वास्तुशिल्प को लोगों के सामने लाना है। इसमें देश भर से वास्तुशिल्प को शामिल किया जा रहा है। मप्र से बुद्ध और मृगनयनी की प्रतिमा बनवाई है।

खजुराहो का शिल्प भी उकेरना है : दीपक को निर्देश मिला है कि खजुराहो का शिल्प भी उकेरना है। इसके लिए वहां से शेर, पक्षी आदि की छोटी प्रतिमाएं तैयार करना है। यह प्रतिमाएं बेंगलुरू, चेन्नई, कोलकाता, त्रिवेन्द्रम सहित दक्षिण भारत के उन स्थानों पर भेजी जाएंगी, जहां अंबानी ने अपने मॉल संचालित कर रखे हैं। इस तरह के कई ऑर्डर अभी आना बाकी हैं।

अंबानी ने अभी हमें 30 लाख में गौतम बुद्ध और मृगनयनी की प्रतिमाएं तैयार करने का ऑर्डर दिया है। धीरे-धीरे लागत व काम बढ़ेंगे। - दीपक विश्वकर्मा, राज्य शिल्पकार