स्माइल प्लीज: प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची

स्माइल प्लीज: प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची

बेंगलुरू। चंद्रयान-3 मिशन के प्रज्ञान रोवर ने बुधवार को विक्रम लैंडर की एक तस्वीर खींची। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी। इसरो द्वारा साझा की गई तस्वीर रोवर पर लगे नेविगेशन कैमरा (नैवकैम) द्वारा ली गई है। इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, स्माइल प्लीज। प्रज्ञान रोवर ने बुधवार सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची। चंद्रयान-3 मिशन के लिए नैवकैम्स को इसरो की इकाई इलेक्ट्रो-आॅप्टिक्स सिस्टम लैबोरैटरी (एलईओएस) द्वारा विकसित किया गया है। लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के 14 दिन के बराबर) तक कार्य करने के लिए विकसित किया गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में, इसरो ने विक्रम के साथ लगे चेस्ट उपकरण का पहला अवलोकन जारी किया था।

सूर्य मिशन प्रगति पर, शनिवार को होगा प्रक्षेपण

चेन्नई। इसरो ने बुधवार को कहा कि श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष स्पेस केन्द्र से 2 सितंबर को सूर्य के अध्ययन के लिए प्रक्षेपित किए जाने वाले पहले मिशन की तैयारी प्रगति पर है और इसके लॉन्च करने का पूर्वाभ्यास पूरा कर लिया गया है। इसरो ने बताया कि आदित्य-एल1 उपग्रह सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली अंतरिक्ष आधारित भारतीय वेधशाला होगी। इसे शनिवार सुबह 11:50 बजे इसरो के वर्कहॉर्स लॉन्च वाहन पीएसएलवीसी57 से प्रक्षेपित किया जाएगा। वाहन की आंतरिक जांच भी पूरी कर ली गई है। सूर्य मिशन को लेकर इसरो ने एक पोस्ट में कहा प्रक्षेपण की तैयारी प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रक्षेपण अभ्यास वाहन की आंतरिक जांच पूरी हो गई है। उल्लेखनीय है कि यह 10 दिनों में भारत द्वारा दूसरा प्रमुख अंतर-ग्रहीय अन्वेषण होगा। चंद्रयान-3 ने 23 अगस्त को चंद्रमा के अंधेरे वाले हिस्से पर कदम रखा था।