शाह की दो टूक, रूठों को मनाओ पर ज्यादा दिमाग मत लगाओ

शाह की दो टूक, रूठों को मनाओ पर ज्यादा दिमाग मत लगाओ

ग्वालियर। भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए ग्वालियर संभाग के पदाधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं को दो टूक संदेश दिया कि वे नाराज व रूठे अपनों को चुनाव में मनाने के लिए वरिष्ठ नेतृत्व से बात कराओ। इसके बाद भी स्थिति न बदले तो ज्यादा दिमाग मत लगाओ। वहीं जिलाध्यक्षों से वन टू वन में शिवपुरी के जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि शिवपुरी में यादव समाज भाजपा के साथ दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके बाद प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव को स्थिति सुधार की जिम्मेदारी दी गई।

सोमवार को ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित होटल रेडिसन में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शाम 5 बजे पहुंचे, जहां उनके साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा साथ में आए। इसके बाद केन्द्रीय गृहमंत्री सीधे गुजरात में होने वाली बैठक में वीसी के माध्यम से शामिल होने के लिए चले गए थे, वहां लगभग एक घंटे तक चर्चा की। इसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों के साथ होटल में चर्चा की, जिसके बाद संभाग भर के पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। जहां उन्होंने जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा के बाद कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में जाने का संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का काम बहुत अच्छा है, बस इसे जीत में बदलने के लिए थोड़ी सी मेहनत की आवश्यकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव आचार संहिता की गाइड लाइन समझाते हुए कहा कि शासकीय को छोड़ जनमानस वाले स्थानों पर कमल चित्र बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर दीपावली से पहले दीप जलाने, मोर्चा प्रकोष्ठों को योजनाओं का लाभ ले चुके हितग्राहियों के बीच पहुंचने सामाजिक मोर्चा को जिम्मेदारी देने व बूथ की जीत से ही भाजपा की जीत के संबंध में विस्तार से रणनीति बताई। इसके बाद भोजन कर वे रात 8.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक नरेन्द्र तोमर, प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय मंत्री व चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया उपस्थित थे।

हाई सिक्योरिटी जोन में बदला सिटी सेंटर

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ग्वालियर आने के चलते सिटी सेंटर स्थित होटल रेडिसन व आसपास का क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन में बदला हुआ दिखाई दिया। साथ ही वहां से ग्वालियर एयरपोर्ट तक सड़क किनारे लगभग 1500 से ज्यादा जवान व जिम्मेदार पुलिस अधिकारी मौके पर चौकसी करते दिखे। इस दौरे को देख पुलिस ने जमीन से आसमान तक सुरक्षा कड़ी कर रखी थी।

वाहनों व घरों पर झंडे लगाने का मिला टारगेट

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक में कार्यकर्ताओं को दिए कार्यक्रमों में टारगेट दिया, जिसमें 5 नवंबर को अपने वाहनों, घरों के साथ अन्य स्थानों पर बिना प्रत्याशी वाले झंडे लगाने का अभियान दिया। साथ ही हितग्राहियों के बीच पहुंचने के लिए 25-25 प्रतिशत बांटकर पहुंचने की जिम्मेदारी दी।

जिलाध्यक्षों से पूछी विधानसभाओं की स्थिति

अमित शाह ने संभागीय बैठक में पहुंचते ही सबसे पहले माइक थामा और संभागभर के जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा की शुरुआत करते हुए पूछा कि आपके जिले में कितनी विधानसभाएं हैं और उसमें कितने विरोधी हैं व चुनाव की स्थिति क्या रहने वाली है। इस दौरान शिवपुरी के जिलाध्यक्ष ने यादव समाज द्वारा भाजपा का साथ न देने की बात करते ही सन्नाटा छा गया, लेकिन इसके बाद अमित शाह ने तत्काल प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव को स्थिति सुधार की जिम्मेदारी दी गई।