सात्विक-चिराग फिर बने चैंपियन

सात्विक-चिराग फिर बने चैंपियन

येओसु/कोरिया। भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी ने अपना स्वप्निल प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मो. रियान आर्दियांतो की शीर्ष वरीय जोड़ी पर फाइनल में तीन गेम की जीत से कोरिया ओपन पुरुष युगल खिताब जीत लिया। साल का चौथा फाइनल खेल रही दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने दो बार के विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता अल्फियान और आर्दियांतो की जोड़ी को सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले में 17-21, 21-13, 21-14 से पराजित किया। इस तरह सात्विक और चिराग की 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन जोड़ी ने लगातार मैचों में जीत की संख्या 10 कर ली और अपनी उपलब्धियों में इजाफा किया। भारतीय जोड़ी ने इस साल स्विस ओपन, एशियाई चैंपियनशिप और इंडोनेशिया ओपन जीता है।