श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए दुल्हन सी सजने लगी संस्कारधानी

श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए दुल्हन सी सजने लगी संस्कारधानी

जबलपुर। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा और मंदिर निर्माण का संस्कारधानी में भी जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। दो दिन पूर्व से ही समूचा शहर दुल्हन सा सज गया है। वहीं नर्मदा तटों पर श्रीराम के विराजमान होने पर जगह-जगह भंडारे होंगे। गौरतलब है कि मंदिरों में अयोध्या के पूजित कलश का पूजन हो रहा है। इन कलशों से घरों में 11 दीपक जलाकर 22 जनवरी को दीवाली मनाई जाएगी। वहीं स्कूलों में भी भगवान श्रीराम पर आधारित कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। जगह-जगह विविध झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।

स्कूलों में पूरे दिन, कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश

राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी विद्यालयों में सोमवार 22 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश अयोध्या में रामलला प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए घोषित किया गया है। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में सोमवार 22 जनवरी को आधे दिवस का अवकाश दोपहर 2.30 बजे तक के लिये घोषित किया है। इसी तरह एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के सभी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश दोपहर 2.30 बजे तक के लिए घोषित किया गया है।

11 सौ दीयों से रोशन होगा गढ़ा रामलीला मंच

सिद्ध मंच पर श्रीरामलीला समिति गढ़ा जबालीपुरम द्वारा 22 जनवरी को सुबह 9 से 11 तक सिद्ध मंच पर सामूहिक हनुमान चालीसा, श्री राम संकीर्तन हवन एवं आरती की जाएगी। सुबह 11 बजे से मैदान में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण होगा। इसके बाद भोजन भंडारा होगा। सायं 4 बजे से 6 बजे तक सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके उपरांत बैंड द्वारा भजनों की धुन,दुल दुल घोड़ी नृत्य आतिशबाजी एवं भोजन प्रसाद वितरण कार्यक्रम संपन्न होगा। इस दौरान सिद्ध मंच को 1100 शुद्ध घी के दीयों द्वारा सजाया जाएगा। आनंद कुंज से रामलीला मैदान तक रंगोली एवं श्री राम अंकित ध्वज लगाए जाएंगे। इस संबंध में आयोजित बैठक में संचालक अशोक मनोध्याय, अध्यक्ष रमाशंकर कटारे, महामंत्री राजेंद्र प्यासी, शरद दुबे कुररिया, लोकराम कोरी, राजेश मिश्रा, नीलेश चौबे, ओमप्रकाश पगारे, विजय नेमा, कैलाश नेमा, मदन गोपाल पटेल, अरूण दीक्षित, आरपी पटेल, योगेश चौबे, मोती शिवहरे, मुकेश मिश्रा, राकेश पाठक, माधव दुबे, जितेंद्र सोनी, दीपक कोष्टा, दिनेश मिश्रा, अशोक बघेल उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम

गायत्री परिवार द्वारा तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम रखा गया है।मुख्य ट्रस्टी बीबी शर्मा ने बताया कि 21 जनवरी को दोपहर 1 बजे से अध्यात्म जागरण विशाल वाहन रैली गायत्री शक्तिपीठ, मनमोहन नगर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्ग गोहलपुर रद्दी चौकी, बिरसा मुंडा चौक, व्हीकल मोड़ से कांचघर चौक, इंदिरा मार्केट, चौथा पुल, गोरखपुर, महानंदा से शारदा चौक, गौतम जी की मढ़िया गढ़ा, कछपुरा ओवरब्रिज से मेहता मेहता पेट्रोल पंप, एसबीआई चौराहा से शिवनगर होती हुई गायत्री शक्तिपीठ पर समाप्त होगा। 22 जनवरी को गायत्री शक्तिपीठ मनमोहन नगर में 11 से 1 बजे तक राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। 1001 दीपकों के द्वारा विशाल दीप यज्ञ किया जाएगा। 23 जनवरी को प्रात: 6 से 9 तक सामूहिक गायत्री जप एवं 9 बजे से पंचकुडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया है। बुजुर्गों के सम्मान के बाद भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था रखी गई है।