बरगी और पाटन क्षेत्र की एक ही मांग, बिजली प्रदाय की सीमा बढ़े

बरगी और पाटन क्षेत्र की एक ही मांग, बिजली प्रदाय की सीमा बढ़े

जबलपुर। जिले में ग्रामीण क्षेत्र की बरगी और पाटन विधानसभा क्षेत्र कृषि बाहुल्य क्षेत्र हैं। चुनाव दर चुनाव निकलते जाते हैं मगर अन्नदाता माने जाने वाले किसानों की सबसे बड़ी समस्या फसलों में पानी देने के लिए बिजली की जरूरत के मुताबिक उपलब्धता नहीं हो पाती। इस चुनाव में भी किसानों की एकमात्र मांग है कि हमें जरूरत के मुताबिक बिजली दी जाए। किसानों से चर्चा में यह बात सामने आई कि पहले 6 घंटे ही बिजली दी जाती थी जिसे बढ़ाकर 10 घंटे किया गया है। इसमें भी कटौती हो जाती है तो इतने समय भी बिजली न मिलने से फसल पर असर आता है। दोनों दलों के प्रत्याशियों के लिए इस मांग का सामना करना कठिन होता जा रहा है। जहां सत्ता पक्ष इस अवधि को बढ़ाए जाने का भरोसा दिला रहा है तो कांग्रेस सत्ता में आने के बाद मनचाही बिजली देने का भरोसा दिला रहा है। वैसे भी कांग्रेस ने अपने वचनपत्र में 100 यूनिट तक बिजली फ्री देने का भी वादा किया हुआ है।

पाटन विधानसभा क्षेत्र

पाटन विधानसभा क्षेत्र में कटंगी- मझौली भी शामिल हैं। यहां पर कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 35 हजार091 है। पिछले चुनाव में यहां से भाजपा के अजय विश्नोई ने 1 लाख 443 मत पाए थे। वहीं कांग्रेस के नीलेश अवस्थी को 73 हजार 731 मत मिले थे। श्री विश्नोई ने श्री अवस्थी को 26 हजार712 मतों से पराजित किया था। इस बार भी यही दोनों मैदान में हैं। यहां पर 3180 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था। वहीं कुल वोट 1 लाख 86 हजार 159 पड़े थे और 79.19 प्रतिशत मतदान हुआ था।

युवाओं की संख्या 60 फीसदी से ज्यादा

पाटन विधानसभा में 18 से 39 साल के आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 1 लाख 45 हजार 254 है। इनमें आयु वर्ग के हिसाब से वर्गीकृत किया जाए तो 18 से 19 साल के युवा4659 युवतियां 3694 हैं। 20 से 29 आयु वर्ग में युवा 29948 व युवतियां 29444 हैं। 30 से 39 आयु वर्ग के पुरुष 41348 व महिलाएं34157 हैं। यहां पर भी रोजगार की समस्या है और उद्योग इकाइयां नहीं हैं। अच्छी शिक्षा के लिए शैक्षणिक संस्थानों की भी जरूरत है,क्योंकि यहां के युवाओं की उच्च शिक्षा के लिए जबलपुर ही आना होता है।

बरगी विधानसभा क्षेत्र

बरगी विधानसभा क्षेत्र भी कृषि प्रधान क्षेत्र है। इसके अंतर्गत बरगी, चरगवां, शहपुरा जैसे बड़े क्षेत्र आते हैं। यहां मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 20 हजार 787 है। पिछले चुनाव में यहां 1 लाख 73 हजार357 वोट पड़े थे जो कुल मतदान का 78.52 प्रतिशत रहा। यहां पर कांग्रेस के संजय यादव को 86 हजार901 मत मिले थे और भाजपा की प्रतिभा सिंह को 69,338 मत मिले थे। श्री यादव ने श्रीमती सिंह को 17 हजार563 मतों से पराजित किया था। यहां पर नोटा में 3091 मत डाले गए थे। यह क्षेत्र भी कृषि प्रधान है और काफी हिस्से में बरगी नहर से किसानों को पानी भी मिलता है। इसके बाद भी बिजली की ज्यादा आवश्यकता यहां के किसानों को है। इसके अलावा अस्पताल,शिक्षा संस्थान और रोजगार यहां की भी बड़ी समस्या है। कांग्रेस,भाजपा दोनों दलों के प्रत्याशियों को वोटरों को साधने में खासी कवायद करनी पड़ रही है। इस बार भाजपा ने प्रतिभा सिंह के पुत्र नीरज सिंह को चुनाव में उतारा है जो नया चेहरा हैं।

60 फीसदी युवा वोटर

बरगी विधानसभा क्षेत्र में 18 से 39 साल आयुवर्ग के वोटरों की संख्या 1 लाख 36 हजार 21 वोटर हैं,जो कि 60 फीसदी से ज्यादा हैं। आयुवर्ग के आधार पर वर्गीकरण किया जाए तो 18 से 19 आयु के युवा3954 युवतियों की संख्या3208 है। 20 से 29 आयु के युवा29124 युवतियां27014 है। वहीं 30 से 39 आयु के पुरुष38318 व महिलाएं 34386 हैं। इनकी मांग भी रोजगार के अवसर देने क ी है।