राम की ऐसी सुध लागी.. शरीर के अंग में गुदवा लिया राम का नाम

राम की ऐसी सुध लागी.. शरीर के अंग में गुदवा लिया राम का नाम

जबलपुर। छत्तीसगढ़ के चंद्रखुरी गांव से आई रामनामी समुदाय की टोली इन दिनों संस्कारधानी में भ्रमण कर भगवान श्रीराम के ननिहाल का दर्शन अपने भजन-कीर्तन से करा रही है। राम नामी समुदाय इस टोली की विशेषता यह है कि हर सदस्य ने शरीर के अंग में भगवान राम नाम गुदवाया है। और टोली के सदस्य जो भी वस्त्र धारण करते हैं वे उसे खुद ही बनाते हैं और इन वस्त्रों, घर पर भी राम नाम लिखा हुआ होता है।

टोली के प्रमुख गुलाराम रामनामी ने बताया छत्तीसगढ़ के चंद्रखुरी गांव माता कौशल्या का मायका है इस गांव को राम का मामा भी कहा जाता है। वे अपने भजन-कीर्तन से भगवान श्रीराम के ननिहाल के दर्शन कराते और लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ना और सात्विक जीवन के प्रति प्रेरित करते हैं।

लगातार घट रही है रामनामी समुदाय की संख्या

गुलाराम ने बताया कि रामनामी समुदाय की संख्या पहले की अपेक्षा अब बहुत कम हो गई है। आधुनिक जीवन शैली के प्रति लोग इस कदर भाग रहे है कि वे अपने मूल को भी भूल जा रहे हैं। हमारे समुदाय से कोई भी व्यक्ति जुड़ सकता है इसके लिए कोई जाति, धर्म का बंधन नहीं है। लेकिन जुड़ने के लिए सात्विकता का नियम का कठोरता से पालन करना होता है। इसके लिए जरूरी नहीं है कि वह अपने शरीर के अंग में राम नाम गुदवाए।