रेल मंत्री ने देखा स्टेशन का डवलपमेंट वर्क, गुणवत्ता व टाइमलिमिट की दी हिदायत

रेल मंत्री ने देखा स्टेशन का डवलपमेंट वर्क, गुणवत्ता व टाइमलिमिट की दी हिदायत

ग्वालियर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने के बाद दूसरे दिन केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्हें अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से नए रेलवे स्टेशन का डिजायन- मैप व कार्यों की जानकारी दी। जिसके बाद रेलमंत्री ने अधिकारियों को कार्य गुणवत्तापूर्ण होने व टाइम लिमिट में पूरा करने की समझाइश दी। इसके बाद निरीक्षण में नैरोगेज रेल पटरी पर पहुंचकर ट्रेन को आने-जाने व हेरिटेज के लिए कोचों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव स्टेशन पहुंचे और प्लेटफार्म क्रमांक 1 के सर्कुलेलेटिंग एरिया में उतरते ही सबसे पहले उन्होंने पूरे रेलवे स्टेशन डवलपमेंट को देखा और रेल अधिकारियों को सफाई से लेकर अन्य सुविधाओं को लेकर कहा कि कार्य के दौरान रेल परिचालन निर्बाध रहेगा और यात्रियों का मूवमेंट भी निरंतर बना रहेगा, इसलिए उनकी सुरक्षा के मानदंडों का पालन किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जारी कार्य को अपने घर के कार्य की तरह करने की बात कही। अधिकारियों को निरीक्षण में निर्माणाधीन साइडों के टीन शेड बोर्ड पर अमृत भारत स्टेशन लिखवाने के निर्देश दिए। इस दौरान महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे सतीश कुमार ने कार्यों की जानकारी दी।

एक महीने के अंदर ऑप्टिकल फाइबर में करें परिवर्तित

रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद रेल मंत्री बीएसएनएल दफ्तर पहुंचे और वहां का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने उपभोक्ता सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने की आवश्यकता जताते हुए वर्तमान नेटवर्क को एक माह के अंदर ऑप्टिकल फाइबर में परिवर्तित करने के निर्देश दिए।

दतिया स्टेशन पर कामगारों से किया संवाद

दतिया पहुंचने पर रेलमंत्री ने स्टेशन का अमृत भारत योजना के अंतर्गत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही कामगारों का उत्साहवर्धन करने व जानकारी लेने के लिए संवाद किया। स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन मास्टर सहित अन्य रेल कर्मियों से बात कर बेहतर कार्य करने के लिए कहा।

भोजन परोसने वाले को कहा अन्नदाता

रेलमंत्री ने निरीक्षण के दौरान युवा रेल अधिकारियों से चर्चा की। वहीं हौसला अफजाई के चलते भोजन परोसने वाले महावीर जैन को अन्नदाता कहकर पुकारा और सेल्फी ली। साथ ही स्टेशन मास्टर थॉमस जॉर्ज व अन्य स्टाफ को यात्रियों की सेवा में अच्छे काम करते रहने के लिए प्रेरित किया।

वंदे भारत का स्लीपर वर्जन फरवरी-मार्च 2024 तक

केन्द्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने निरीक्षण के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरा फोकस रेल विकास पर है। यही कारण है कि बीते 9 साल में 25 हजार किमी रेल पटरियां बिछाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 52 सेकंड में 100 की रμतार पकड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की विदेशों में ही चर्चा हो रही है। लेकिन बड़े शर्म की बात है कि कुछ लोग राजनीति से प्रेरित होकर पत्थरबाजी कर रहे हैं। हालांकि पथराव करने वालों को पकड़कर जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर वर्जन फरवरी-मार्च 2024 तक पटरियों पर दौड़ने लगेगा। रेल किराए में छूट पर कहा कि आज भी 55 प्रतिशत कन्सेशन दिया जा रहा है। उन्होंने समझाते हुए कहा कि अगर एक यात्री को ले जाने के लिए रेलवे की कॉस्ट 1.16 रुपये आती है तो रेलवे, यात्रियों से केवल 40-48 पैसे ही चार्ज करती है।