पं. गणपति भट्ट हासनगि तानसेन सम्मान से अलंकृत

पं. गणपति भट्ट हासनगि तानसेन सम्मान से अलंकृत

ग्वालियर। संगीतधानी ग्वालियर में आयोजित हुए भव्य एवं गरिमामय समारोह में हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य गायक पं. गणपति भट्ट हासनगि धारवाड़ को वर्ष 2022 के राष्ट्रीय तानसेन सम्मान से अलंकृत किया गया। यह अलंकरण प्रदेश के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दिया। अलकंरण के साथ पांच लाख की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल पट्टिका भेंट की गई। प्रदेश सरकार के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि के समीप ऐतिहासिक मान सिंह महल की थीम पर बने आकर्षक मंच पर सोमवार की सांध्यबेला में भव्य अलंकरण समारोह आयोजित हुआ।

श्री तोमर ने कहा कि समारोह का 100 वां समारोह पूरी गरिमा के साथ मनाया जाएगा। मंत्री तोमर ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का संदेश पढ़ा गया। सम्मान के बाद गणपति भट्ट ने कहा कि यह पुरस्कार मेरे लिए मेरी माताजी का प्रसाद है। उन्होंने अपने गुरु बासव राज को नमन भी किया। इस मौके पर विधायक मोहन सिंह राठौड़ विशेष रूप से उपस्थित थे।