प्रियंका ने भाजपा नेता को बताया अहिरावण बोलीं- अब जनता को बनना होगा हनुमान

प्रियंका ने भाजपा नेता को बताया अहिरावण बोलीं- अब जनता को बनना होगा हनुमान

इंदौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को इंदौर जिले की सांवेर, देवास की खातेगांव सीट में जनसभा की। तीन दिन में दूसरी बार इंदौर जिले में पहुंची प्रियंका ने रामायण के पात्र अहिरावण से मप्र के मंत्री तुलसी सिलावट की तुलना की। वहीं, इंदौर में उनके रोड शो के दौरान एक स्वागत मंच टूट गया। जिसे देखकर प्रियंका गाड़ी से उतरीं, लोगों का हालचाल जाना। सांवेर में प्रियंका ने ‘हर-हर महादेव’ के साथ कहा कि यहां से विधायक सिलावट ने अहिरावण जैसा काम किया। अहिरावण छल से भगवान राम और लक्ष्मण को पाताल ले गया था, तो हनुमान जी लेकर आए थे। इसी तरह, सिलावट छल-कपट से बेंगलुरु में कांग्रेस सरकार गिराने की सौदेबाजी कर रहे थे। अब जनता को हनुमान बनकर इसका जवाब देना है।

भ्रष्टाचार के कारण दीपक जोशी ने छोड़ी भाजपा: खातेगांव में प्रियंका ने भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी के पार्टी छोड़ने का कारण जनता को बताया। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने मुझे बताया कि दीदी मेरे क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर था। मेरी किसी ने मेरी नहीं सुनी। मन खट्टा हो गया था।

पुरानी पेंशन लागू करेंगे : प्रियंका ने खातेगांव की सभा में कहा कि मप्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन लागू करेंगे। माता-बहनों को 1500 रुपए महीने नारी सम्मान निधि दी जाएगी। 2 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। किसानों का कर्ज भी माफ किया जाएगा।