वारदात के बाद फरार हुए बेरहम पति को पुलिस ने अजमेर से किया गिरफ्तार

वारदात के बाद फरार हुए बेरहम पति को पुलिस ने अजमेर से किया गिरफ्तार

इंदौर। सिलबट्टे के पत्थर से पत्नी की बेहद बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद कबूल किया है कि वह पत्नी की हत्या करने के बाद फरार इस वजह से हुआ था कि उसे दो लोगों की और हत्या करनी थी। उसने हत्या को अंजाम देने के लिए राजस्थान के पुष्कर जाकर धारदार गुप्ती भी खरीदी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अगली वारदात को अंजाम देता उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार बीती 14 अप्रैल की रात खजराना में रहने वाली रुखसार की उसके पति इरफान ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह अजमेर चला गया था पुलिस को सूचना मिली थी कि वह ईद मनाने के लिए अजमेर आएगा। इसी के चलते पुलिस टीम यहां पर सादी वर्दी में तैनात थी। जैसे ही वह यहां आया तो उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पत्नी पर शक करता था। इसी के चलते विवाद हुआ और उसे मार दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी दो लोगों की और हत्या करने वाला था। इसके लिए पुष्कर से गुप्ती भी खरीदी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।