जिला अस्पताल मुरार के मरीज सोमवार से सिविल अस्पताल में होंगे भर्ती

जिला अस्पताल मुरार के मरीज सोमवार से सिविल अस्पताल में होंगे भर्ती

ग्वालियर। जिला अस्पताल मुरार में इन दिनों मरीज परेशान नजर आ रहे हैं, फिर चाहे वह ओपीडी हो या फिर आईपीडी। ओपीडी तो जैसे-तैसे जच्चाखाना मुरार में प्रबंधन ने शिμट कर दी है, लेकिन भर्ती होने के लिए मरीज खासे परेशान हो रहे हैं। मरीज अस्पताल में भर्ती होने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें करीब एक सप्ताह से दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। प्रबंधन अब आईपीडी वाले मरीजों को भर्ती किए जाने की व्यवस्था करने में जुट गया है। अधिकारियों की माने तो सोमवार से अब सिविल अस्पताल हजीरा में मरीज भर्ती किए जाएंगे, मरीजों को जेएएच रेफर नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल मुरार ने सिविल अस्पताल हजीरा को स्टाफ उपलब्ध करा दिया है। जिसमें 3 तीन डॉक्टर, 8 नर्सिंग स्टाफ के साथ ही तीन वार्ड बॉय भेजे गए हैं, यह लोग सोमवार से सिविल अस्पताल में सेवाएं देंगे।

20 करोड़ के विकास कार्य से मरीज परेशान

जिला अस्पताल मुरार में 20 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं, धीमी गति से चल रहे इन कार्यों की वजह से मरीजों को सुविधा की जगह असुविधा अधिक हो रही है। मरीज लंबे समय से परेशान हो रहे हैं। हालांकि इन विकास कार्य के पूरे होने के बाद इस अस्पताल में डॉक्टर्स से लेकर मरीजों के लिए सुविधा भी बढ़ जाएगी, लेकिन यह कब तक होगा यह कहा नहीं जा सकता है। इस अस्पताल में वर्तमान में 200 पलंग हैं, लेकिन 100 पलंग और बढ़ने वाले हैं।

मरीजों की ओपीडी की व्यवस्था जच्चाखाने में की गई है सुविधा के लिए पोस्टर बैनर लगाए गए हैं। सोमवार से जिला अस्पताल मुरार के मरीज सिविल अस्पताल हजीरा में भर्ती किए जाएंगे, इसके लिए हमने सिविल अस्पताल को स्टाफ उपलब्ध करा दिया है। डॉ. आलोक पुरोहित,आरएमओ जिला अस्पताल मुरार