Paris Olympics 2024 : भारतीय हॉकी टीम मेडल से एक जीत दूर, सेमीफाइनल में पहुंची; ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया

Paris Olympics 2024 : भारतीय हॉकी टीम मेडल से एक जीत दूर, सेमीफाइनल में पहुंची; ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया

पेरिस। ओलंपिक के नौवें दिन यानी 4 अगस्त को भी भारतीय खिलाड़ी एक्शन में हैं। भारतीय खिलाड़ी आज बैडमिंटन, हॉकी, शूटिंग, बॉक्सिंग, गोल्फ, सेलिंग जैसे इवेंट्स में भाग ले रहे हैं। इस बीच भारतीय हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंडिया ने ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया।

भारतीय टीम की जीत के हीरो पीआर श्रीजेश रहे, जिन्होंने शूटआउट में दो बेहतरीन बचाव किए। फुलटाइम मैच में दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर था। शूटआउट में भारत ने लगातार 4 गोल किए। ब्रिटेन की टीम सिर्फ दो गोल कर पाई।

52 साल बाद हॉकी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

पेरिस ओलंपिक 2024 में सातवें दिन (2 अगस्त) भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया था। भारतीय टीम की यह जीत ऐतिहासिक रही। टीम इंडिया के लिए हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, वहीं अभिषेक ने एक गोल किया। 52 सालों में पहली बार भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में पराजित किया। पहले क्वार्टर में टीम इंडिया ने 2-0 से बढ़त बना ली थी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने एक गोल दागा। तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने एक गोल करके मुकाबले को 3-1 तक पहुंचा दिया। इसके बाद आखिरी क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने एक और गोल किया। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 3-2 से जीत लिया।

बॉक्सर लवलीना क्वार्टर फाइनल हारकर बाहर

भारतीय स्टार महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गई हैं। उन्हें चीनी खिलाड़ी लि कियान ने 1-4 से शिकस्त दी।

मेडल टैली में भारत की क्या स्थिति?

मेडल टैली में चीन फिलहाल 16 गोल्ड समेत 37 पदकों के साथ टॉप पर है। वहीं यूएसए 14 गोल्ड समेत 61 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर है। मेजबान देश फ्रांस 12 गोल्ड सहित 41 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर है। वहीं भारत 3 कांस्य पदकों के साथ 53वें पायदान पर है।