अब कड़ाके की ठंड के लिए रहें तैयार, मौसम खुला, बारिश से बिछ गई मसूर

अब कड़ाके की ठंड के लिए रहें तैयार, मौसम खुला, बारिश से बिछ गई मसूर

जबलपुर। कंपकपाने वाली ठंड का इंतजार खत्म होने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगा है जिसके चलते रविवार को बादल छटने लगे और कुछ समय धूप भी खिली रही। दिन तो खासे ठंडे चल रहे हैं मगर रातें अभी भी गर्म रहीं जिनके अब जल्द ही पारा नीचे आने की संभावना है। दिन और रात के पारे में 5 डिग्री का ही अंतर है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान21.5 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम रहा,वहीं न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा रहा। दिन में ठंडी हवाएं लोगों को सिहरा रही हैं वहीं रात में ठंड की स्थिति कमजोर रही है जिसके अब असर की संभावनाएं बढ़ी हैं।

कोहरे ने जारी रखा ट्रेनें लेट करने का सिलसिला

रेलयात्री ट्रेनों के लगातार लेट होने से परेशान चल रहे हैं। उत्तरभारत से आने वाली ट्रेनें काफी लेट चल रही हैं। दिल्ली से आने वाली महाकौशल, गोंडवाना, जबलपुर-नई दिल्ली जैसी ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। इसी तरह उत्तर- प्रदेश,बिहार,पश्चिम बंगाल से आने वाली ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।

ऐसा रहा मौसम का मिजाज

रविवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा रहा। आर्द्रता 92 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तरी 5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना बताई गई है।

7 डिग्री तक जा चुका है पारा

इस मौसम में रात्रि का न्यूनतम तापमान पिछले महीने कई दिनों तक 7 डिग्री पर रह चुका है,जब लोगों ने ठंड का अहसास किया था। अब ये लगातार ऊपर है और वर्तमान में 16.8 तक पहुंचा है। आने वाले दिनों में इसके 10 डिग्री तक नीचे जाने की संभावना है।

बारिश से बिछ गई मसूर की फसल, झड़ जाएंगे फूल 

पिछले दिनों हुई बारिश का असर खेतों पर भी दिखाई देने लगा है, जहां मसूर की फसल जमीन पर बिछ गई है। ग्राम भौंरासा से किसान राहुल और सहजपुर से धर्मेंद्र ने बताया कि जिन किसानों ने मसूर लगाई थी, उनकी फसल पानी के कारण गिर गई। जिससे उसके फूल झड़ जायेंगे और फसल की वृद्धि रुक जाएगी।

सुबह बसें भी प्रभावित

सुबह के समय गंतव्य की ओर जाने वाली या जबलपुर आने वाली बसें भी कोहरे से प्रभावित चल रही हैं। आईएसबीटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह देर तक कोहरा रहने के कारण बसें बेहद कम गति से और हेडलाइट जलाकर ही चलाई जा रही हैं इसके चलते ये भी लेट चल रही हैं।

रविवार को बहाल हुईं विमान सेवाएं, समय पर आईं फ्लाइट्स

शनिवार को खराब मौसम के चलते डुमना एयरपोर्ट में विमानसेवा स्थगित रही और एक भी फ्लाइट न तो आई और न ही उड़ी। एयरपोर्ट डायरेक्टर वीके सूरी ने बताया कि लो क्लाउड और दृश्यता 100 मीटर तक नहीं थी जिसके चलते पूर्व से ही फ्लाइट्स के केंसिल होने की सूचना दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि रविवार को सभी फ्लाइट्स समय पर आईं और गई हैं। गौरतलब है कि मौसम विभाग प्रतिदिन सुबह पूर्वानुमान जारी करता है जो एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के पास पहुंचता है। इसके बाद ही विमानों के संचालन पर निर्णय लिया जाता है। वर्तमान में जबलपुर में जो विमान सेवा उपलब्ध हैं उनमें जबलपुर मुंबई,जबलपुर दिल्ली,जबलपुर हैदराबाद, जबलपुर इंदौर व जबलपुर बिलासपुर शामिल हैं।