कल 51 हजार दीपों से जगमगाएगा नर्मदा तट गौरीघाट

कल 51 हजार दीपों से जगमगाएगा नर्मदा तट गौरीघाट

जबलपुर। राम मंदिर के अयोध्या में विराजमान होने को लेकर समूचा शहर भगवान श्रीराम की अगवानी में व्यस्त हो गया है। इसी सिलसिले में नर्मदा तट गौरीघाट 22 जनवरी को 51 हजार दीपों से जगमगाएगा। वहीं शहर भर में हजारों आयोजन और भंडारे, प्रसाद वितरण के कार्यक्रम होंगे। इसी सिलसिले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भले ही अयोध्या में व्यापक तैयारियां की जा रही हो। लेकिन संस्कारधानी जबलपुर में भी अयोध्या जैसा नजारा नजर आ रहा है। शहर की सारी सड़के भगवा में हो गई है। सभी के मुख में सिर्फ एक ही नाम है वो हैं राम झंडो और झालरों से लोगों ने घर सजाना शुरू कर दिए हैं। वहीं अब झंडो की दुकान में काफी भीड़ नजर आ रही है। जहां लोग भगवा झंडा खरीद कर अपने वाहन और घरों में लगाकर श्री राम नाम का शंखनाद कर रहे हैं।

मुस्लिम इलाके भी भगवामय

इतना ही नहीं शहर के कई संवेदनशील मुस्लिम इलाकों की गलियां भी भगवामय नजर आ रही है। जहां छोटी ओमती, गोहलपुर सहित अन्य सड़कों को झंडों से पाट दिया गया है। शहर की कई सरकारी इमारतें कलेक्टेड बिल्डिंग, एसपी कार्यालय, गोकुलदास धर्मशाला, ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया, जीसीएफ, व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर, जीआईएफ सहित अन्य बिल्डिंग को भी सजाया गया है। शहर के प्रमुख तिराहे और चौराहे में भी आकर्षक साज-सज्जा की गई है।

मालवीय चौक में होगी आतिशबाजी

जबलपुर के नर्मदा तट गौरीघाट में उत्सव मनाया जाएगा। जिसमें मंत्री राकेश सिंह भी शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक हजारों की संख्या में दीपों से उमाघाट जगमगा जाएगा। शहर के तमाम मंदिरों को सजाया जा रहा है। शहर के कई स्थानों से रैलियां निकलेंगी और सैकड़ो स्थान से राम भोग का वितरण भी किया जाएगा। शहर के मालवीय चौक में भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया है।

शहर के सभी वार्डों में होगा लाइव टेलीकास्ट

साथ ही नगर निगम के द्वारा शहर के 79 वार्डों में भव्य राम मंदिर का लाइव टेलीकास्ट भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा। शासकीय कर्मचारी सहित फैक्ट्री कर्मचारी भी काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। जो अपने घरों में रहकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। दूसरी तरफ सोशल मीडिया में भी श्रीराम नाम ट्रेडिंग में चल रहा है। जहां लोग अपने-अपने स्टेटस में श्री राम धुन लगा रहे हैं। साथ ही सभी की प्रोफाइल में राम नजर आ रहे हैं।

दिव्यांगों ने जलाए 1008 दीप

अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर के शुभारंभ से दिव्यांगों में भी उत्साह बढ़ा है। इसी क्रम में भारत माता चौक सिविक सेंटर में शाम 6 बजे समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के तत्वावधान में 1008 दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पवन स्थापक, डॉ. अंकित सेठ, पीयूष जैन, श्रीनिवास राव, संतोष जैन, अनुपमा स्थापक, डॉ. अर्पिता स्थापक, अश्रुजीत भट्टाचार्य, रामसेवक दीक्षित, आशीष परेतकर उपस्थित रहे।