51 हजार दीपों से राम के रंग में रंगा नर्मदा तट गौरीघाट

51 हजार दीपों से राम के रंग में रंगा नर्मदा तट गौरीघाट

जबलपुर। अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सोमवार को शाम लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देशन में ग्वारीघाट में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपोत्सव के इस भव्य कार्यक्रम में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्री रामलला का विराजमान होना एक ऐतिहासिक अवसर है। जो 550 वर्ष की प्रतिक्षा के बाद प्रभु श्री राम अपने स्थान पर विराजमान हुये। प्रभु श्री राम हमारे रोम-रोम में है। उन्होनें कहा कि पहली बार दीपावली भगवान श्री राम लंका विजय कर अयोध्या वापस आने पर मनाई गई थी।

आज श्री रामलला अयोध्या में विराजमान हुये इस खुशी में पूरे देश में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। जबलपुर में भी राममय वातावरण में पुण्य सलिला नर्मदा तट ग्वारीघाट में 51 हजार दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। इस अदभुत विहंगम दृश्य के हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। इसके लिये उन्होनें सभी को कोटि कोटि बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मंत्री श्री सिंह के साथ ही संत गिरीशानंद सरस्वती महाराज, अशोकानंद महाराज सहित अन्य संतगण, विधायक नीरज सिंह, पूर्व विधायक हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, रानू तिवारी तथा कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संस्कारधानी वासियों द्वारा मां नर्मदा की महा आरती मे भागीदारी की गई।

लाईव कार्यक्रम के साक्षी बने, शंखनाद किया

भगवान श्री राम के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जिले में जगह-जगह हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने छोटी लाईन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का लाईव कार्यक्रम को देखा, सुना तथा इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने ब्राम्हणवृंदों के साथ शंखनाद भी किया। उन्होंने कहा रामलला की प्राण प्रतिष्ठा भारतीय संस्कृति, मूल्यों और आस्था के उत्थान का प्रतीक है। ये हर एक भारतीय और सनातन धर्म में आस्था रखने वालों के लिये गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका श्रेय देते हुये उन्होनें कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने हर भारतीय के स्वाभिमान को जगा दिया है। पूरे देश में उत्सव मनाया जा रहा है। रामलला के विराजमान होने पर समूचे विश्व में भारत और सनातन धर्म की प्रतिष्ठा बढ़ी है। इस अवसर पर संतजन और जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार सहित अन्य गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन ने भी लाईव प्रसारण को देखा और सुना।