ननि के आयुक्त वानखेड़े का तबादला, प्रीति होंगी जेएमसी की पहली महिला कमिश्नर

ननि के आयुक्त वानखेड़े का तबादला, प्रीति होंगी जेएमसी की पहली महिला कमिश्नर

जबलपुर। नगर निगम के आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े का वर्ष के अंतिम दिन तबादला कर दिया गया है। वे सचिवालय में उप सचिव बनाए गए हैं। वहीं उनकी जगह 2016बैच की आईएएस प्रीति यादव जबलपुर नगर निगम की पहली महिला आयुक्त होंगीं। वे उज्जैन में अपर कलेक्टर के पद पर कार्यरत थीं। श्री वानखेड़े ने नगर निगम में 16 फरवरी 2023 को कार्यभार संभाला था। लगभग 10 माह के कार्यकाल में वे नवाचारों के लिए कबाड़ से जुगाड़ प्रोजेक्ट में कबाड़ मेट्रो बस को पुस्तकालय,चेंजिंग रूम या अन्य जनोपयोगी चीजों में तब्दील कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक सराहना प्राप्त कर चुके हैं।

वहीं शहर में सफाई व्यवस्था की सघन मॉनीटरिंग और विकास कार्यों के लिए जाने जाएंगे। उनके कार्यकाल में पेयजल लाइन विस्तार सहित सड़कों के निर्माण व अन्य कई काम हुए हैं। वर्तमान में उनका पूरा फोकस टैक्स वसूली पर रहा है,ऐसे में ऐन बीच में उनका ट्रांसफर राजस्व अमले को अखर भी रहा है।

सत्ता पक्ष से संतुलन

गौरतलब है कि सरकार प्रदेश में तो भाजपा की है मगर नगर निगम में कांग्रेस की है। ऐसे में नगर निगम के सत्तापक्ष से समन्वय बनाते हुए और शहर में विकास के काम,मूलभूत सुविधाएं सुचारू रखने पार्षदों को उनकी मद प्रदान करने जैसे समन्वय उन्हें बनाने होंगे।

नए साल में नई कमिश्नर

रविवार होने के कारण नगर निगम में अवकाश रहा जिसके चलते अधिकारी कर्मचारी जगत में इस बड़े फेरबदल पर ज्यादातर को खबर भी नहीं हो पाई। अब साल के पहले ही दिन सुबह जब कार्यालय खुलेगा तो इसी बात के चर्चे छाए रहेंगे।

ननि के इतिहास में पहली बार महिला कमिश्नर

श्रीमती यादव नगर निगम की 55 वीं निगमायुक्त होंगीं। यह बात भी उनके साथ संयोग के रूप में जुड़ रही है कि वे यहां पहली महिला निगमायुक्त के रूप में काम करेंगी। हालाकि उनके सामने सबसे पहली और बड़ी चुनौती नगर निगम की वित्तीय स्थिति संभालने की होगी क्योंकि लंबे समय से नगर निगम खस्ताहाली में चल रहा है। कर्ज और भुगतान की समस्या स ेलेकर पार्षद मद के काम,वित्तीय वर्ष के बचे हुए दिनों में शहर से टैक्स वसूली करवाना जैसी चुनौतियों का सामना उन्हें करना होगा।