नायडू ने गैंग बना दी थी चुनौती, शहर में वर्चस्व बनाने कर दी हत्या

नायडू ने गैंग बना दी थी चुनौती, शहर में वर्चस्व बनाने कर दी हत्या

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में ग्रीन सिटी कठौंदा कम्पोस्ट प्लांट के पास तालाब किनारे बदमाश अनिराज नायडू की हत्या करने वालों का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। अनिराज की हत्या छोटू चौबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बदमाश छोटू चौबे और उसका एक और साथी फरार है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि माढ़ोताल क्षेत्र के कठौंदा कम्पोस्ट प्लांट के पास तालाब के किनारे पानी में एक युवक का शव उतराते मिला। सूचना पर माढ़ोताल टीआई विपिन ताम्रकार स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच करने पर पता चला कि शव तीन दिन पुराना है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए गए, जिसमें उसकी पहचान रसल चौक निवासी अनिराज नायडू उर्फ अन्ना के रुप में की गई। पीएम में पता चला कि अनिराज की हत्या सिर में गोली मारकर की गई है।

दो संदिग्धों के नाम पूछताछ में आए सामने

टीम ने जब मौके पर जांच की, तो वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे मिले, जिसके बाद मृतक अनिराज के साथियों और रंजिश रखने वालों से पूछताछ की गई। इसमें कामरान अली और अनुश्रेय राय के नाम सामने आए। जिसके बाद दोनों को थाने में आने के लिए कहा, लेकिन दोनों नहीं आए। दोनों के इंदौर में होने की खबर मिली जहां टीम भेजी गई। जहां पता चला कि गमी के चलते वे जबलपुर आए हैं। टीम शहर आई और आरोपी नया मोहल्ला निवासी हाल पता दादर बड़ाला मुम्बई महाराष्ट्र निवासी कामरान और संजीवनी नगर रुद्राक्ष पार्क निवासी अनुश्रेय को पाटन रोड में चिंहुटा गांव के पास से गिरफ्तार किया।

छोटू चौबे के साथ मिलकर बनाई थी हत्या की योजना

कामरान अली ने बताया कि 16 नवंबर 2023 को छोटू चौबे के साथ फ्लाईट से मुंबई से जबलपुर आया था। जहां उसे मो. आदिल मिला। अनिराज पूर्व में छोटू चौबे की ही गैंग में था, जिससे हम सभी की अच्छी दोस्ती थी, लेकिन छोटू के विरोधियों से साथ अनिराज ने संपर्क करते हुए खुद की अलग गैंग बनाकर छोटू को चुनौती देना शुरू कर दिया था। इस बात से छोटू और अनिराज की रंजिश शुरू हो गई थी। उसने आदिल और छोटू ने अनिराज की हत्या की योजना बनाई थी।