सरकार के विभागों में 9.64 लाख से अधिक पद खाली

सरकार के विभागों में 9.64 लाख से अधिक पद खाली

नई दिल्ली। देशभर में अलग-अलग सरकारी विभागों में 9.64 लाख से ज्यादा पदों पर भर्तियां होने वाली हैं। हाल ही में केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में बताया कि 1 मार्च, 2022 तक सरकारी विभागों में कुल 9,64,359 पद खाली हैं और इन्हें केंद्र द्वारा मिशन मोड में भरा जा रहा है और इसके लिए पूरे देश में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद रेलवे में (लगभग 2.63 लाख) खाली हैं।

आईएएस-आईपीएस के 2 हजार से ज्यादा पद रिक्त

केंद्रीय मंत्री के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में 1,365 पद खाली हैं, जबकि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में 703 पद खाली हैं। जितेंद्र सिंह ने कहा कि इसके अलावा भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में 1,042 और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में 301 रिक्तियां हैं।

गृह मंत्रालय में एक लाख वैकेंसी :केंद्र

सरकार के अनुसार गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में 1,14,245 पद खाली हैं, जिनमें सीआरपीएफ, बीएसएफ और दिल्ली पुलिस शामिल हैं। रिक्त पदों में से 3,075 ग्रुप-ए में, 15,861 ग्रुप - बी में और 95,309 ग्रुप-सी में हैं।

करीब 30 लाख कर्मचारी हैं कार्यरत

मानसून सत्र के दौरान सरकार ने बताया कि व्यय विभाग के वेतन अनुसंधान इकाई (पीआरयू) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेड 'ए', 'बी' और 'सी' में 1 मार्च 2022 तक कर्मचारियों की संख्या कितनी है। केंद्र सरकार में क्रमश: 1,08,099, 2,92,117 और 26,12,934 है।

रेलवे में बड़े पैमाने पर की जा रही हैं भर्तियां

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1 जुलाई, 2023 तक रेलवे में 2.63 लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं, जिनमें से 50 हजार से अधिक पद परिचालन सुरक्षा श्रेणियों में हैं। सरकार ने बताया कि रेलवे में कुल 2,63,913 पद खाली हैं, इनमें से 2680 राजपत्रित और 2,61,233 गैर-राजपत्रित हैं। आॅपरेशनल सेμटी कैटेगरी की रिक्तियां 53,178 हैं। हाल ही में 2.37 करोड़ उम्मीदवारों का कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) आयोजित करके 1,39,050 उम्मीदवारों को पैनल में शामिल करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है।

5 साल में 4.63 लाख लोगों को दी गई नौकरी

राज्यसभा में केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के उत्तर में जवाब दिया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान ( 1 अप्रै, 2018 से 31 मार्च, 2023 तक) केंद्र सरकार में नियुक्ति के लिए यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग), एसएससी (कर्मचारी चयन आयोग) और आरआरबी (रेलवे भर्ती बोर्ड) द्वारा 4,63,205 उम्मीदवारों की नियुक्ति की गई। इसके अलावा, एसएससी और आरआरबी ने 2023-24 की पहली तिमाही में नियुक्ति के लिए 1,03,196 उम्मीदवारों की सिफारिश की है।