छेड़छाड़ का आरोपी धरने पर, बबीता ने बहन पर साधा निशाना

छेड़छाड़ का आरोपी धरने पर, बबीता ने बहन पर साधा निशाना

नई दिल्ली/पानीपत। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को पद से हटाने की मांग कर रहे पहलवानों में से एक विनेश फोगाट की बहन बबीता ने अपने ही साथियों को निशाने पर लिया है। दोनों के बीच ट्विटर पर लंबी बहस हुई। बबीता ने फोटो ट्वीट कर लिखा- प्रियंका गांधी अपने निज सचिव संदीप सिंह को लेकर पहलवानों को न्याय दिलाने पहुंची हैं, उस व्यक्ति पर खुद महिलाओं से छेड़छाड़ और एक दलित महिला को दो कौड़ी की औरत कहने जैसे तमाम आरोप लगे हैं। जवाब में विनेश ने लिखा कि अगर पीड़ितों के हक में नहीं खड़ी हो सकती तो बबीता बहन, आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि हमारे आंदोलन को कमजोर तो मत करो।

खिलाड़ी सक्षम, राजनीति का मंच मत बनाओ

बबीता ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा कि शून्य से उठकर शिखर तक पहुंचने वाले हम खिलाड़ी अपनी लड़ाई लड़ने में स्वयं सक्षम हैं। खिलाड़ियों के मंच को राजनीतिक रोटी सेकने का मंच नहीं बनाना चाहिए। कुछ नेता खिलाड़ियों के मंच से अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। खिलाड़ियों को भी यह ध्यान रखना चाहिए कि हम किसी एक के नहीं समूचे राष्ट्र के हैं।

जवाब देने वालों को बबीता ने किया ब्लॉक 

महिला पहलवानों का समर्थन करने वाले एक स्वतंत्र पत्रकार मंदीप पूनिया ने बबीता के सभी धरना विरोधी ट्वीट का कमेंट में जबाब देना शुरू किया। इसके बाद बबीता ने उसे तत्काल ब्लॉक करना शुरू कर दिया।