फिलहाल बरसता रहेगा मावठा, दो दिन तक छिटपुट बारिश के आसार

फिलहाल बरसता रहेगा मावठा, दो दिन तक छिटपुट बारिश के आसार

जबलपुर। जिले में अभी 2 दिन तक मावठे की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दो दिन बाद बादल छटने के बाद ठंड असर दिखाएगी। बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल बने हुए हैं। सुबह के समय घना कोहरा भी छाया हुआ है। साथ ही जबलपुर, भोपाल, शहडोल, सागर, ग्वालियर, इंदौर संभाग के जिलों में वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक नरसिंहपुर में 36, पचमढ़ी में 22.6, खंडवा में 21, सीधी में 20.8, बैतूल में 18, दमोह में 17, जबलपुर में 14.8, गुना में 14.8, नर्मदापुरम में 10.5, टीकमगढ़ में नौ, सतना में 7.7, नौगांव में 7.2, खजुराहो में 6.8, रीवा में 5.4, शिवपुरी में पांच, रतलाम में पांच, भोपाल में 4.8, सागर में 1.2, रायसेन में 0.2, ग्वालियर में 0.1, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई. दतिया एवं भोपाल में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक इस तरह की स्थिति बनी रहेगी।

ये वेदर सिस्टम सक्रिय

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है राजस्थान में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिण-पश्चिमी मप्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तरी महाराष्ट्र पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

छाए रहेंगे बादल

मौसम विज्ञानी देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार नमी आ रही है। इस वजह से भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा हो रही है। अभी दो दिन तक बादल बने रहने की संभावना है। हालांकि अब रात के तापमान में कुछ गिरावट होने और दिन का तापमान बढ़ने के भी आसार हैं।

जल्द छाएगा कोहरा

जिले में जल्द कोहरा छाने की संभावना बनी है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार जिले में गरज- चमक की संभावना है और सुबह कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर पूर्वी हवाएं 2 किमी की रफ्तार से चलती रहीं।