मध्य प्रदेश के निशानेबाज ऐश्वर्य ने फिर जीता स्वर्ण, छह दिन में जीते चार पदक

एशियन गेम्स : भारत ने 8 स्वर्ण सहित 33 पदक जीते

मध्य प्रदेश के निशानेबाज ऐश्वर्य ने फिर जीता स्वर्ण, छह दिन में जीते चार पदक

हांगझोऊ। भोपाल स्थित मप्र शूटिंग अकादमी के स्टार ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने एशियन गेम्स में शुक्रवार को एक स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया। छह दिन में ऐश्वर्य ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। निशानेबाजी में यह किसी भारतीय निशानेबाज द्वारा जीते गए सर्वाधिक पदक भी हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने शुक्रवार को 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही भारत 8 स्वर्ण सहित कुल 33 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर आ गया है। पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत ने विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्य (591), स्वप्निल कुसाले (591) और अखिल श्योराण (587) की टीम ने रिकॉर्ड 1769 स्कोर किया। इसके बाद ऐश्वर्य ने राइफल थ्री पोजिशंस में रजत पदक भी जीता। निशानेबाजों ने इस एशियन गेम्स में छह स्वर्ण और सात रजत समेत 18 पदक जीते हैं।

   ऐश्वर्य प्रताप सिंह के पदक जीतने पर गर्व है। वह असाधारण चैंपियन है। उन्हें 50 मीटर राइफल 3पोजीशन इवेंट में पदक जीतने पर बधाई। - नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री