कर्नाटक: बजरंग दल पर प्रतिबंध की घोषणा से मप्र की सियासत में उबाल

कर्नाटक: बजरंग दल पर प्रतिबंध की घोषणा से मप्र की सियासत में उबाल

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा की चुनावी जंग में बजरंग दल के नाम पर भाजपा और कांग्रेस के बीच तलवारें खिंचते ही मप्र की सियासत में भी उबाल आ गया है। कर्नाटक कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में बजरंग दल की तुलना पीएफआई से करने और बैन लगाने का जिक्र क्या किया कि पूरी भाजपा हमलावर हो उठी। मुद्दा लपक कर भाजपा ने उसे बजरंगबली से जोड़ दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस की मति मारी गई। बजरंग दल प्रखर राष्ट्रवादी दल है, जो आतंकवाद व लव-जिहाद का विरोध करता है। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ से जवाब मांग लिया। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 6 साल पुराना बजरंग दल के खिलाफ दिया बयान उछाल दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राम का अस्तित्व नकारने वाले अब बजरंग बली का विरोध करने लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वही कांग्रेस है, जो अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध करती है, रामसेतु को काल्पनिक बताती है। यह राष्ट्रवादी संगठन सामाजिक सेवा सहित देश भक्ति के भाव अपने धर्म और संस्कृति के प्रति स्वाभिमान का और जागरण का भाव पैदा करता है।

कमल नाथ जवाब दें कमल नाथ खुद को बहुत बड़ा हनुमान भक्त बताते हैं। वह लिखते हैं कि राम-लक्ष्मण जानकी, जय बोलो हनुमान की। कांग्रेस द्वारा पीएफआई की तुलना बजरंग दल से किए जाने पर कमल नाथ को स्थिति स्पष्ट करना चाहिए। यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था के लिए यह जरूरी है। - डॉ. नरोत्तम मिश्रा, गृहमंत्री, मप्र

नफरत फैलाने वालों पर कार्रवाई हो

जो भी संगठन समाज में नफरत फैलाते हैं, सुप्रीम कोर्ट भी उनके लिए कहता है कि उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आज यह हमारी सामाजिक एकता की बात है। मुझे कोई कुछ भी कहे, मैं जो हूं, वही रहूंगा। मैं बदल नहीं सकता। मुझे भाजपा का नहीं जनता का सर्टिफिकेट चाहिए। - कमल नाथ, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस

सिंधिया के विचार भी सुनें

बजरंग दल कोई धार्मिक संगठन नहीं है, बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का एक संगठन है। यदि शंका हो तो 2017 में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसके बारे में क्या कहा था, उनके विचार सुन लीजिए। मैंने वर्ष 2000 में सिमी और बजरंग दल दोनों को प्रतिबंधित करने केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। - दिग्विजय सिंह, पूर्व सीएम

तुष्टिकरण कांग्रेस के जीन में : वीडी

कांग्रेस पार्टी शुरू से तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है, क्योंकि वह कांग्रेस के मूल जीन्स में है। कर्नाटक में बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात करना भी कांग्रेस की ऐसी ही राजनीति का हथकंडा है। अब वही कांग्रेस के लोग बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात करके बजरंगबली का भी विरोध कर रहे हैं। - वीडी शर्मा, अध्यक्ष, भाजपा मप्र