जबलपुर के कबाड़ से जुगाड़ की गूंज लंदन तक

जबलपुर के कबाड़ से जुगाड़ की गूंज लंदन तक

जबलपुर। नगर निगम के आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े के कबाड़ से जुगाड़ प्रोजेक्ट की प्रदेश से लेकर लंदन तक धूम है। हाल ही में वे लंदन गए थे जहां उन्होंने प्रजेंटेशन के माध्यम से अपने इस नवाचार को दिखाया। इसके बाद उनसे इस प्रोजेक्ट के प्रजेंटेशन की मांग भी की गई थी। वानखेड़े के नवाचारों में कबाड़ से शोपीस के अलावा उपयोग की चीजें बनाना मुख्य है। उन्होंने आईएसबीटी में कबाड़ हो चुकी बस को रात गुजारने के लिए आश्रय स्थल में तब्दील करवाया, ग्वारीघाट में एक बस को चेंजिंग रूम बनाया। एक अन्य बस में लाइब्रेरी बनवाई है। निगमायुक्त बताते हैं इसकी प्रेरणा वर्कशाप का निरीक्षण के दौरान मिली। इसमें कोई विशेष बजट नहीं लगना था। इसके खर्च को नगर निगम ने स्वयं वहन किया।

वर्कशॉप के बेकार लोहे से बनवाईं कलाकृतियां : निगमायुक्त ने नगर निगम के वर्कशॉप में बेकार पड़े लोहे, रॉड, टीन इत्यादि से कई कलाकृतियां तैयार करवाईं हैं। इसके साथ ही आईएसबीटी में ही उन्होंने महिला यात्रियों के लिए एक महिला पुलिस चौकी का निर्माण भी कराया है।

लंदन में कंडम बसों से बनाए गए पुस्तकालय,चेंजिंग रूम का प्रजेंटेशन दिया था जिसकी हमसे मांग भी की गई है। जो कलाकृतियां बनवाई हैं उन्हें चौराहों या उद्यानों में लगवाया गया है। - स्वप्निल वानखेड़े, आयुक्त, नगर निगम