2 सितंबर से शुरू होगी जन आशीर्वाद यात्रा, 25 को भोपाल में होगा 10 लाख कार्यकर्ताओं का महाकुंभ

2 सितंबर से शुरू होगी जन आशीर्वाद यात्रा, 25 को भोपाल में होगा 10 लाख कार्यकर्ताओं का महाकुंभ

ग्वालियर प्रदेश कार्यसमिति होने के बाद विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेता पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। यही कारण है कि 2 सितंबर से प्रदेश भर में निकाली जाने वाली जन आशीर्वाद यात्राओं के चलते ग्वालियर-चंबल संभाग की समीक्षा की। जिसमें बताया कि 25 सितंबर को भोपाल में 10 लाख कार्यकर्ताओं का महाकुंभ होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन संभावित है। होटल आदित्याज में दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित ग्वालियर-चंबल संभाग के नेताओं की बैठक हुई। जिसमें केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक, नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र सिंह यादव, रेल मंत्री ने अश्विनी वैष्णव, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा व नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने गिनती के कार्यकर्ताओं के साथ गोपनीय बैठक की।

जिसको लेकर जानकारों का कहना है कि जन आशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से जनता के बीच करोड़ों रुपए के विकास कार्य व केन्द्र व राज्य शासन द्वारा संचालित लगभग 40 प्रकार की योजनाओं की घर-घर तक जानकारी देकर लाभान्वित करने का टारगेट फिक्स किया। जिससे आने वाले दिनों में भाजपा को संपर्क अभियान के दौरान आम लोगों को फेस करने में दिक्कत का सामना न करना पड़े। साथ ही बैठक में मौजूद नेताओं को विधानसभा स्तर पर जन आशीर्वाद यात्रा का रूट मैप जल्द से जल्द बनाने की टाइम लाइन दी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।

गोविंद सिंह के पत्र पर वीडी शर्मा ने किया पलटवार

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने ग्वालियर अंचल की संभागीय बैठक के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के चुनाव आयोग को पत्र लिखने पर पलटवार करते हुए कहा कि यह भाजपा की क्षमता है, हमने अकाउंटेबिलिटी के साथ जनता के बीच जा सकते हैं, हमने क्या किया है, उसके आधार पर हम प्रत्याशी पहले दे सकते हैं, इसलिए गोविन्द सिंह हों या कांग्रेस के कोई भी हों, इन्हें आरोप-प्रत्यारोप करना, झूठ, छल, कपट की राजनीति कर रहे हैं। इसके अलावा इनके पास कुछ नहीं बचा है, इन्हें केवल इतना ही करना है। बीजेपी की दूसरी और तीसरी सूची भी जल्द आएगी।

प्रदेश कार्यसमिति से रोडमैप प्रशस्त करने का काम हुआ : तोमर

केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने संभागीय बैठक के बाद कहा कि भाजपा एक जीवंत राजनैतिक दल है, इसकी गतिविधियां स्वभाविक रूप से होती रहती है। हमारे यहां हर तीन महीने में एक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होती है, लेकिन अभी विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए पार्टी ने कार्यसमिति का आयोजन किया है। वैसे कार्य समिति में 400 लोग होते हैं, लेकिन इस बार 1800 से अधिक लोग बुलाए गए थे और ज्यादातर कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं हमारे नेता केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आए थे, सभी का मार्गदर्शन हुआ और आगे चुनाव का जो रोडमैप है, उसको प्रशस्त करने का भी काम हुआ है। उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड केन्द्रीय गृहमंत्री के नेतृत्व में जनता के समझ प्रस्तुत किया गया है। साथ ही 2003 से भाजपा सरकार में आई है, तब से अमूल-चूल परिवर्तन के लिए प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास हुआ है और भाजपा उसी मुद्दे को लेकर जन-जन के बीच जाएगी और जनता से आशीर्वाद मांगेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकर्ताओं से नई ऊर्जा आई है और सब कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।