इजराइल के वैज्ञानिकों ने किया बिना अंडे या शुक्राणु के मानव भ्रूण का मॉडल तैयार

दावा- अब बच्चे पैदा करने के लिए नहीं होगी इंसानों की जरूरत

इजराइल के वैज्ञानिकों ने किया बिना अंडे या शुक्राणु के मानव भ्रूण का मॉडल तैयार

रेहोवोट। इजरायल के वैज्ञानिकों ने शुक्राणु, अंडे या गर्भाशय का इस्तेमाल किए बिना प्रयोगशाला में स्टेम सेल से मानव भ्रूण का एक मॉडल बनाया है। यह भ्रूण के विकास के शुरुआती चरणों की एक अनूठी झलक पेश करता है। इजरायल के वीजमैन इंस्टीट्यूट आॅफ साइंस की टीम के अनुसार, यह मॉडल 14वें दिन के भ्रूण जैसा दिखता है। तब तक इस भ्रूण में आंतरिक संरचनाएं विकसित हो जाती हैं और शरीर के अंगों का निर्माण शुरू होता है। इसे मानव विज्ञान के क्षेत्र में बड़ा कदम माना जा रहा है। अगर यह तकनीक आगे भी कामयाब होती है तो बच्चों को जन्म देने के लिए इंसानों की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने में अभी काफी समय लग सकता है।

वास्तविक भ्रूण विकसित करना अब भी चुनौती

इजरायली वैज्ञानिकों के टीम लीडर जैकब हन्ना ने कहा कि यह काम गर्भधारण पर दवाओं के प्रभाव का परीक्षण करने, गर्भपात और आनुवांशिक बीमारियों को बेहतर ढंग से समझने और शायद प्रत्यारोपण ऊतकों और अंगों को विकसित करने के नए तरीकों का रास्ता खोल सकता है। हन्ना ने कहा कि ये आइडेंटिकल नहीं है। इनमें मानव भ्रूण से काफी अंतर है, लेकिन फिर भी यह पहली बार है।