भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्पेन को हरा जीता खिताब

भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्पेन को हरा जीता खिताब

बार्सिलोना। स्पेन में बार्सिलोना के टेरासा में आयोजित तीन देशों के टोरनेओ डेल सेंटेनारियो 2023 महिला हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने रविवार को फाइनल मुकाबले में स्पेन को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले देश की टीम को फाइनल में धूल चटाकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने खेल के 22वें मिनट पर, मोनिका ने 48वें और उदिता ने 58वें मिनट पर गोल करके देश को 100वीं वर्षगांठ पर स्पेनिश हॉकी फेडरेशन इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2023 में अजेय रही। भारत ने इस टूर्नामेंट की शुरुआती मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से मैच ड्रॉ किया था। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय हॉकी टीम और स्पेन के बीच हुए मैच भी 2- 2 से ड्रॉ रहा था।

नीदरलैंड को 2-1 से हराकर भारत ने जीता कांस्य पदक

इधर, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 100वीं वर्षगांठ स्पेनिश हॉकी फेडरेशन अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में रविवार को नीदरलैंड को 2-1 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। इस चतुष्कोणीय टूर्नामेंट में अपने अंतिम मुकाबले में भारत ने हरमनप्रीत सिंह (15वां मिनट) और दिलप्रीत सिंह (50वां मिनट) के गोलों से जीत दर्ज की। थियरी ब्रिंकमैन (25वां मिनट) ने नीदरलैंड का एकमात्र गोल किया। भारत ने तीन ग्रुप मैचों में दो अंकों के साथ तालिका में अंतिम स्थान पर रहने के बाद टूर्नामेंट के कांस्य पदक मैच में प्रवेश किया था। हरमनप्रीत की टीम ने शुरुआती मैच में स्पेन से 1-2 से हारने के बाद नीदरलैंड (1-1) से ड्रॉ खेला था। इंग्लैंड के खिलाफ भारत का आखिरी लीग चरण मुकाबला ड्रॉ रहा, जिसके साथ भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गई थीं।