इज्तिमा : उलेमा बोले- इस्लाम में महिलाओं को खास दर्जे के साथ दिए गए हैं विशेष अधिकार

इज्तिमा : उलेमा बोले- इस्लाम में महिलाओं को खास दर्जे के साथ दिए गए हैं विशेष अधिकार

भोपाल। दुनिया में जो आया है, उसे लौटकर अल्लाह के पास जाना है। आसमान पर एक दुनिया है जिसकी जिंदगी का कोई अंत नहीं है। उस जिंदगी के लिए होने वाले फैसले हमारे दुनिया में किए गए आमाल (कर्मों) से तय होने वाले हैं। इसलिए हर इंसान को अपनी जिंदगी में हर पल कुछ बेहतरी का साथ रखना चाहिए, ताकि आखिरत की जिंदगी संवर सके। आलमी तब्लीगी इज्तिमा के तीसरे दिन रविवार को बड़े मजमे को संबोधित करते हुए दिल्ली मरकज से आए मौलाना मोहम्मद साअद साहब कांधलबी ने ये बात कही। रविवार की छुट्टी और सोमवार को होने वाली दुआ-एखास में शामिल होने इज्तिमागाह पर अब तक करीब सात लाख से ज्यादा लोग पहुंच चुके हैं। दुआ के वक्त ये तादाद करीब 12 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।

औरत घर की जीनत ही नहीं, जन्नत का दरवाजा भी है 

सुबह फज्र की नमाज के बाद बयान में मौलाना जमशेद साहब ने कहा कि इस्लाम में महिलाओं को खास एहतराम, हुकूक और उसके लिए खास दर्जे रखे गए हैं। औरत मां, बहन, बीवी और बेटी के रूप में लोगों की जिंदगी संवारती है। दोपहर में जुहर की नमाज के बाद हुए बयान में मौलाना मोहम्मद सईद साहब कांधलबी ने एक अल्लाह पर यकीन और इसी से कामयाबी की बात कही।

इज्तिमागाह ग्रीन, क्लीन और डस्ट फ्री बना

आमतौर पर बड़े मजमों में होने वाली गंदगी, धूल, टॉयलेट से फैलती दुर्गंध और कचरे के अंबार दिखाई देते हैं, लेकिन ग्रीन, क्लीन और डस्ट फ्री की अवधारणा पर की गई कोशिशों ने इसके बेहतर परिणाम देना शुरू कर दिया है। इज्तिमे में वेस्ट मैनेजमेंट रूल 2016 के आदर्श को आगे रखकर की गईं व्यवस्थाओं से इज्तिमगाह साफ नजर आया। जमातियों की सुविधा के लिए 4500 अस्थाई टॉयलेट बनाए गए हैं। इनके अपशिष्ट को तीन चरणों में ट्रीटमेंट किया जाता। इज्तिमागाह में उड़ने वाली धूल को रोकने पूरे क्षेत्र में हर 4 घंटे में स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

देशभर के लिए निकलेंगी दो हजार जमातें

इज्तिमे का समापन सोमवार सुबह दुआ ए खास के साथ होगा। दुआ सुबह 9 बजे होगी। सुबह फज्र की नमाज के बाद मौलाना साअद साहब का बयान होगा। इस दौरान वे जमातों में निकलने वालों को सफर में अपनाए जाने वाले अखलाक, ख्याल और काम समझाएंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे दुआ होगी। इज्तिमा प्रबंधन ने बताया कि दुआ के बाद इज्तिमा से करीब 2 हजार जमातें देशभर के लिए निकलेंगी।

आज बदला रहेगा ट्रैफिक

ईंटखेड़ी के घासीपुरा में चल रहे आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आज 11 दिसंबर को दुआ की नमाज के साथ समापन हो जाएगा। इस समागम में देश और विदेश से लाखों जमाती शामिल होंगे। भोपाल पुलिस ने इज्तिमाई और आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्सन प्लान तैयार किया है। सोमवार को सुबह 6 बजे से विशेष व्यवस्था रहेगी। आज मुबारकपुर से पटेल नगर नया बायपास, गांधीनगर से अयोध्या नगर बायपास, रत्नागिरी, लाम्बाखेड़ा से करोंद, भोपाल टाकीज, रॉयल मार्केट, लालघाटी चौराहा, नादरा बस स्टैण्ड, स्टेशन, अल्पना तिराहा, बोगदा पुल आदि क्षेत्रों में यातायात दबाव के कारण इन मार्गों का ट्रैफिक बदला रहेगा।

इज्तिमागाह की झलकियां

  • तकरीर के दौरान पंडाल में खामोशी छाई रहती है। लोग सुकून के साथ उलेमाओं की बात सुन, समझ रहे हैं।
  • विदेशी जमातों में शामिल लोगों को अनुवाद करके उलेमाओं की बात समझाई जा रही है।
  • बड़ी तादाद में स्टूडेंट्स भी इज्तिमा में पहुंचे हैं। इनके ठहरने के लिए अलग पंडाल है।
  • इज्तिमागाह के आसपास तेजी से बढ़ रही आबादी के बीच कई पक्के बंगले, मकान और फॉर्म हाउस बन गए हैं। स्थानीय लोग इनमें रुककर भी बयान सुन रहे हैं।
  • मौसम के कई रंग इज्तिमे के दौरान दिखाई दिए। पहले दिन आसमान पर बादल और हल्की बारिश के नजारे थे तो दिन के समय तेज गर्मी के हालात बन जाते हैं। जबकि रात के समय यहां मौसम सर्द हो जाता है।