स्काईमेट से विपरीत IMD का अनुमान, सामान्य बारिश की जताई संभावना

स्काईमेट से विपरीत IMD का अनुमान, सामान्य बारिश की जताई संभावना

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को एक बार फिर देश में मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। आईएमडी का अपडेट आम लोगों और किसानों के लिए खुशखबरी लाया है। विभाग के अनुसार, इस बार सामान्य मानसून रहने की उम्मीद है और अल नीनो की स्थिति के बावजूद इसका असर मानसून पर ज्यादा नहीं पड़ेगा। इससे एक दिन पहले प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट ने देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान लगाया था। स्काईमेट ने कहा था कि देश के नॉर्दर्न और सेंट्रल रीजन में कम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग मई में मानसून को लेकर एक और अपडेट जारी करेगा। आईएमडी के महानिदेशक डॉ.मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि इस साल सामान्य मानसून की उम्मीद है। अल नीनो की स्थिति मानसून के मौसम के दौरान विकसित होने की संभावना है और इसका प्रभाव दूसरी छमाही में होगा।

96 फीसदी रहेगा मानसून

मौसम विभाग की जानकारी अनुसार, भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम (जून से सितंबर तक) के दौरान सामान्य बारिश देखने को मिलेगी। मानसून इस बार 96 फीसदी (5 फीसदी की त्रुटि मार्जिन के साथ) रहेगा और देश में इस बार 87 सेमी की लंबी अवधि बारिश होगी।

पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य बारिश

दक्षिण-पश्चिम मानसून से भारत में सामान्य वर्षा देखने को मिलेगी। पूर्वी, पूर्वोत्तर क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

मई के अंत में मानसून का अगला अपडेट आएगा

आईएमडी ने बताया कि मई के अंतिम सप्ताह में मानसून का अगला अपडेट आएगा। वहीं, अल-नीनो के असर पर कहा कि इस साल असर मानसून सीजन के दूसरे हाफ में दिख सकता है। अल-नीनो की स्थिति जरूर बनेगी, लेकिन ये बहुत ताकतवर नहीं, बल्कि मॉडरेट होगा। इसलिए इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है।