गरीबों की थाली में सरकार का भोजन 10 रुपए में 5 जगह मिल रहा खाना

गरीबों की थाली में सरकार का भोजन 10 रुपए में 5 जगह मिल रहा खाना

जबलपुर। शहर में पांच स्थानों पर संचालित पं.दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना से प्रतिदिन करीब 2 हजार गरीबों को 10 रुपए में भरपेट भोजन मिल रहा है। पूर्व में केवल एक ही रसोई राजा गोकु लदास धर्मशाला में संचालित हुआ करती थी जिनकी संख्या में प्रदेश शासन के निर्देश पर नगर निगम ने बढ़ाकर 5 कर दी थी।

ये रसोई आईएसबीटी,कृषि उपज मंडी गेट के पास,मेडिकल पिसनहारी मढ़िया के पास पुराने बस स्टैंड में,रांझी स्थित सामुदायिक भवन में,दमोहनाका बस स्टैंड तथा राजा गोकुलदास धर्मशाला में संचालित हो रही हैं। प्रतिदिन 11 से 3 बजे तक यहां पर 10 रुपए में भरपेट भोजन का लाभ गरीब वर्ग ले रहा है।

रिक्शा चालक,मजदूरों का बड़ा सहारा

इन रसोईयों में सबसे ज्यादा पहुंचने वाले वर्ग में रिक्शा चालक,मजदूर होते हैं। जो भोजन करने कई किमी का फासला तय कर पहुुंचते हैं। हर रसोई में औसतन 300 से 600 तक लोगों को प्रतिदिन भोजन मिलता है।

राज्य सरकार उठाती है खर्च

भोजन व्यवस्था का खर्च राज्य सरकार उठाती है। जिस एजेंसी को काम दिया गया है वह दिल्ली की है और पहले से गोकुलदास धर्मशाला में रसोई संचालन करती आई है। संचालन व्यवस्था नगर निगम के हाथ में है। हालाकि रसोई केन्द्रों पर ठेकेदार के ही आदमी होते हैं जो पूरी व्यवस्था संभालते हैं।

ये मिलता है भोजन

नियमित भोजन में दाल,चॉवल,सब्जी रोटी मुख्य होती है। इसे बदलकर कभी कढ़ी,मौसमी सब्जियां और सप्ताहांत में खीर-पूरी भी परोसी जाती है। आगंतुकों को टेबल कु र्सी पर भोजन परोसा जाता है। इसके पूर्व उन्हें 10 रुपए का भुगतान कर पर्ची लेनी होती है।

अलग-अलग इलाकों में रसोई खोलने से हर इलाके के लोगों को इसका फायदा मिलने लगा है। भोजन भी रोज बदल-बदल कर मिलता है। यह बहुत अच्छी योजना है। -विजय साहू,मजदूर

शहर में 5 स्थानों से दीनदयाल रसोई योजना का संचालन हो रहा है। हर जगह 300 से 600 के औसत में भोजन दिया जा रहा है। गरीबों को 10 रुपए में भरपेट भोजन प्रदान किया जाता है। -अंजू सिंह ठाकुर, उपायुक्त,ननि

मैं भोजन करने आईएसबीटी तक करीब 4 किमी का फासला तय कर जाता हूं। यहां पर 11 से 3 बजे तक भोजन मिलता है। गरीबों के लिए यह बहुत बड़ा सहारा है। -बल्लू ठाकुर,मजदूर

सरकार की इस योजना से हम गरीबों को बहुत सहारा है। नाममात्र राशि लेकर अच्छा व भरपेट भोजन मिल जाता है। अब हमें 1 टाइम भोजन की चिंता नहीं रहती। -नंद किशोर प्रजापति रिक्शा चालक

कम खर्च में भरपेट भोजन करने के लिए इस योजना के लिए सरकार को धन्यवाद देता हूं। यहां पर हर वर्ग के लोग भोजन करने के लिए आते हैं। किसी को भी बिना भोजन नहीं जाने दिया जाता। -घनश्याम राजपूत,मजदूर