किसानी के लिये डीजल पेट्रोल आपूर्ति की व्यवस्था करे सरकार

किसानी के लिये डीजल पेट्रोल आपूर्ति की व्यवस्था करे सरकार

जबलपुर। देश भर के ट्रक ड्राइवर हिट एंड रन मामले में आये कानून के प्रावधानों को लेकर हड़ताल पर हैं। इसके कारण डीजल पेट्रोल की आपूर्ति न होने कारण आम आदमी का जीवन अस्त-व्यस्त हो चला है। शहरों के साथ साथ इसका असर अब गांवों में दिखने लगा है। भारतीय किसान संघ के अभा प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटैल ने सरकार से मांग की है कि महाकौशल प्रांत के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्प में डीजल पेट्रोल की आपूर्ति की व्यवस्था बिगड़ रही है जिसके कारण खेती किसानी के दैनिक कार्यों में किसानों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि अभी गेंहू की बोनी लगातार चल रही है। गेंहू की बोनी व कृषि कार्यों के लिये डीजल की बहुत अधिक आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्पों पर डीजल पेट्रोल की आपूर्ति न होने से गेंहू की बोनी प्रभावित होगी। जिसके कारण गेंहू की फसल के रकबे में कमी आ सकती है। साथ ही मटर, सब्जी व फल उत्पादक किसानों को भी अपनी उपज को मंडियों में पहुंचाने में बाधा आ रही है। श्री पटैल ने सरकार व जिला प्रशासन से मांग की है कि शहरी क्षेत्रों के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेती किसानी के लिए डीजल पेट्रोल की पर्याप्त आपूर्ति की व्यवस्था सरकार करे।

धान खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था

संघ के प्रांत संगठन मंत्री भरत पटैल ने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि जिला प्रशासन धान खरीदी केंद्रों पर खरीदी की सुचारू व्यवस्था बनाने में नाकाम साबित हो रहा है। शनिवार को जिला प्रशासन के समक्ष संघ ने धान खरीदी की व्यवस्था बनाने के लिये 15 सुझाव दिये थे। जिस पर प्रशासन ने कोई काम नहीं किया है। आज भी धान खरीदी केंद्रों पर बारदाना की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। खरीदी गई धान का परिवहन व भंडारण की व्यवस्था चरमरा गई है। जिसके चलते किसानों को उनकी उपज का भुगतान भी नहीं मिल रहा है। किसानों की धान जिन ब्लैक लिस्टेड वेयर हाउसों में पड़ी है उसे खरीदने की समुचित व्यवस्था बनाने में भी जिला प्रशासन नाकाम है। श्री पटैल ने कहा कि इन परिस्थितियों के चलते किसान हित को ध्यान में रखते हुये भारतीय किसान संघ आंदोलनात्मक कठोर कदम उठाने के लिये बाध्य होगा।

किसानों, व्यापारियों, हम्मालों को दी जाए सुरक्षा

शहर में हिट एंड रन कानून के विरोध में अलग-अलग स्थानों पर ट्रांसपोर्ट संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन, चक्काजाम, आगजनी एवं मारपीट की घटनाएं की जा रही हैं। इसके लिए सब्जी मंडी संघ के अध्यक्ष अजीत साहू ने विजय नगर थाना प्रभारी से मंडी में किसानों, व्यापारियों और हम्मालों की सुरक्षा की मांग की है। पत्र में मंडी प्रांगण के अंदर एवं बाहर अतिरिक्त पुलिस बल एवं लगातार पेट्रोलिंग करने की मांग की है।