पंछी भी पर न मार सके, स्ट्रांग रूम पर कड़ा पहरा

पंछी भी पर न मार सके, स्ट्रांग रूम पर कड़ा पहरा

जबलपुर। विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और जिले के 86 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद हैं जो कि कड़ी सुरक्षा में जेएनकेवीवी परिसर में रखी गई हैं। यहां इस परिसर के पास पंछी भी पर न मार सके ऐसी सुरक्षा के इंतजाम प्रशासन ने किए हुए हैं। इसके साथ ही मुख्य प्रत्याशियों ने अपने प्रतिनिधियों को भी तैनात किया हुआ है जो किसी भी कमी या गड़बड़ी पर नजर रखने चौबीसों घंटे डेरा डाले हुए हैं। प्रशासन ने यहां पर 3 शिफ्टों में चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था तैनात की है। सीसी कैमरे लगे हुए हैं। यहां पर खिड़कियां तक बंद कर दी गई हैं। 3 दिसंबर तक यह व्यवस्था यथावत रहेगी। परिसर में कांग्रेस व भाजपा दोनों के प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी डेरा डाले हैं। खास तौर पर पूरी रात ये पूरी तरह से अलर्ट रहते हैं। विनय ने देखी व्यवस्था सोमवार को अपरान्ह कांग्रेस से उत्तरमध्य प्रत्याशी विनय सक्सेना पहुंचे और उन्होंनें यहां एलईडी पर व्यवस्था देखी।

मचा था हड़कंप

2018 में हुए विधानसभा चुनावों में मतदान सामग्री वितरण प्रक्रिया व स्ट्रांग रूम एमएलबी स्कूल में था जहां पर स्ट्रांग रूम की खिड़कियां खुली मिलने पर कांग्रेस प्रत्याशी ने हंगामा मचा दिया था। संभवतय इसी घटना के बाद पूरी प्रक्रिया इस बार जेएनकेवीवी के सुरक्षित परिसर में करवाई गई है।

देर रात पहुंचने वालों पर सबकी नजर

विवि के प्रशासनिक भवन में बने स्ट्रांगरूम में रखीं ईवीएम और वीवीपेट मशीनों पर नजर रखने प्रत्याशी और कार्यकर्ता शिफ्ट बाई शिफ्ट नजर रखे हुए हैं। इन्हें भीतर जाने की अनुमति नहीं है और सीसी कैमरे पर लाइव तस्वीरें देखी जा रही हैं। 24 घंटे एलईडी स्क्रीन पर नजरें होती हैं। जिला प्रशासन ने पंडाल लगाकर यहां एलईडी स्क्रीन से इन्हें व्यवस्था पर नजर रखने की अनुमति दी है। दिन भर यहां प्रत्याशियों या कार्यकर्ताओं की आवाजाही होती रहती है। देर रात आने वालों पर नजर रखी जा रही हैं।

त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

स्ट्रांगरूम की प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। मुख्य जिम्मेदारी केन्द्रीय सशस्त्र सुरक्षा बल के जवान संभाल रहे हैं। इसके अलावा स्ट्रांगरूम के भीतर व चारों तरफ सीसी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस प्रशासन भी तैनात है।