भाजपा की मीडिया दिग्दर्शिका में ऊर्जा मंत्री तोमर को बताया ओबीसी

भाजपा की मीडिया दिग्दर्शिका में ऊर्जा मंत्री तोमर को बताया ओबीसी

ग्वालियर। भाजपा के मीडिया विभाग की दिग्दर्शिका विजय संकल्प अभियान 2023 का विमोचन होते ही विवादित हो गई है। क्योंकि इसमें प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को पिछड़े वर्ग का बताया गया है। अहम बात यह है कि ग्वालियर में सांसद विवेक शेजवलकर ने इसका विमोचन किया है, जो सामान्य जाति से आने वाले अपने स्थानीय विधायक व ऊर्जा मंत्री को नहीं पहचान सके। जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या सांसद ने बिना पढ़े ही किताब का विमोचन कर दिया है। हालांकि सांसद ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता कमलनाथ के चुनाव हारने का दावा किया है।

रविवार को संभागीय मीडिया सेंटर में चर्चा के दौरान सांसद ने प्रदेश की 15 महीने वाली कांग्रेस सरकार कार्यकाल को छोड़कर विकास कार्यों की गिनती गिनाई। साथ ही कहा कि कांग्रेस के समय बीमारू कहा जाने वाला मध्यप्रदेश आज विकसित मध्यप्रदेश बन गया है। मीडिया हैंडबुक में मध्यप्रदेश तब और अब को लेकर 2003 के पहले और बाद में हुए 2023 तक के विकास कार्यों के तुलनात्मक आंकड़े प्रकाशित किये हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में कराए गए विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक महत्व का नतीजा है कि ग्वालियर म्यूजिक ऑफ सिटी में शामिल हो गया है।

साथ ही केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों के बल पर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार आने वाली है। सत्ता में आने के बाद लाड़ली बहना योजना को बंद करने की धमकी देने वाले कमलनाथ स्वयं चुनाव हार रहे हैं। लाड़ली बहना उन्हें सबक सिखाने वाली हैं। प्रदेश की जनता ने अब मन बना लिया है कि भाजपा की सरकार मध्यप्रदेश में होगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, नेशनल मीडिया के पैनलिस्ट डॉ. धनंजय गिरि, प्रदेश प्रवक्ता बृजगोपाल लोया, बृजराज सिंह, अरूण चतुर्वेदी, विनय जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह, नवीन चौधरी, जिनेंद्र सिंह किरार उपस्थित थे।