पहाड़ों पर बर्फबारी का असर,घना कोहरा, ठण्डी हवाओं ने सिहराया

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर,घना कोहरा, ठण्डी हवाओं ने सिहराया

जबलपुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर जिले सहित पूरे प्रदेश में देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से रात व दिन के तापमान ऊपर चल रहे हैं,लेकिन मंगलवार की सुबह अलग रही। रात में गर्मी के बाद एकाएक अलसुबह घना कोहरा छाया नजर आया जो कि 9 बजे तक कायम रहा। इसके बाद सूरज के दर्शन दिन भर नहीं हुए और ठंडी हवाएं चलने लगीं जिससे लोग सिहर गए। पिछले 3 दिनों से पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश भर में देखा जा रहा है।

सुबह छाए घने कोहरे के साथ महीन फुहारें भी चलीं। मौसम विभाग के सहायक विज्ञानी देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि सिस्टम गुजरने से बुधवार को मौसम फिर बदलेगा और ठंड का दौर लौटेगा। रात के पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। वहीं 8 फरवरी से मौसम में बद लाव नजर आएगा। फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता है,जबकि रात का तापमान 11 डिग्री के आसपास रहता है। गत वर्ष फरवरी में बारिश नहीं हुई थी मगर इससे पहले फरवरी में बारिश का ट्रेंड रहा है। कुछ दिनों के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है वहीं जेट स्ट्रीम भी चलेगी। इससे प्रदेश में मौसम फिर बदल जाएगा। फरवरी में रातें ठंडी व दिन गर्म रहने का ट्रेंड है। यह इस बार भी कायम है।

ऐसा रहा मौसम का मिजाज

मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। आर्द्रता 96 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी 4 से 5 किमी प्रतिघंटा रही।