भूकंप से अफगानिस्तान में बर्बादी, 2000 से ज्यादा लोगों की मौत

भूकंप से अफगानिस्तान में बर्बादी, 2000 से ज्यादा लोगों की मौत

काबुल। अफगानिस्तान में शनिवार को आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप से 2,053 लोग मारे गए। पश्चिमी अफगानिस्तान में ईरानी सीमा के पास आए भूकंप से 9,240 लोग घायल हुए हैं, जबकि भूकंप से 1,328 घर तबाह हो गए। भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई है। भूकंप ने हेरात शहर से 40 किमी दूर कई गांवों को तबाह कर दिया है। कई लोग अभी मलबे में दबे हैं, जिससे मृतक संख्या और बढ़ेगी।

तालिबान ने की मदद की अपील

तालिबान ने स्थानीय संगठनों से अपील की है कि वह जल्द से जल्द भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचें, ताकि घायलों को मदद मिल सके। हमें बेघरों को आश्रय देना है और जीवित बचे लोगों को भोजन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए अपने सभी संसाधनों और सुविधाओं का इस्तेमाल करना चाहिए।

इधर ताइवान में तूफान का कहर, 200 से अधिक घायल

ताइवान में आए तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान और भारी बारिश से कई इलाकों में हालात बदतर बन गए। 342 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। चंद सेकंड में कई घरों की छतें भी उड़ गईं। तूफान और बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया है। तूफान को देखते हुए अब तक 3000 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया। वहीं 200 से अधिक घायल हो गए। यहां पहले कोइनु तूफान आया। उसके बाद कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई।